इटवा में सील तोड़े गए जनता सेवा अस्पताल पर छापेमारी, सील तोड़कर ऑपरेशन करने का आरोप; पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल

स्वास्थ्य विभाग की जांच में मिले ऑपरेशन के औजार और खून से सनी सामग्रियां, एक हिरासत में

गुरु जी की कलम से

इटवा (सिद्धार्थनगर)। जिले के इटवा स्थित सील किए गए ‘जनता सेवा अस्पताल’ में सील तोड़कर दोबारा अवैध रूप से ऑपरेशन किए जाने की शिकायत पर सोमवार देर रात स्वास्थ्य विभाग की टीम ने औचक छापेमारी की। नोडल अधिकारी डॉ. मानवेंद्र पाल, डिप्टी सीएमओ डॉ. आरजी सिंह और सीएचसी अधीक्षक डॉ. संदीप द्विवेदी की अगुवाई में हुई इस कार्रवाई के दौरान अस्पताल की सील टूटी पाई गई।

जांच के दौरान मौके से ऑपरेशन के औजार, खून के निशान वाली सामग्री और इस्तेमाल की गई रूई बरामद हुई है। स्वास्थ्य विभाग के पहुंचने से पहले ही अस्पताल प्रशासन द्वारा वहां भर्ती मरीजों को दूसरी जगह शिफ्ट कर दिया गया था। छापेमारी के दौरान एक कमरा अंदर से बंद मिला, जिसे बार-बार कहने के बाद भी नहीं खोला गया। अस्पताल परिसर के बाहर एक गर्भवती महिला भी मिली, जिसे स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सीएचसी इटवा पहुँचाया, जहाँ से प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

पुलिस पर अवैध हिरासत व मारपीट के गंभीर आरोप

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सील तोड़ने के आरोप में राकेश यादव नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया। हालांकि, राकेश के भाई राजेश कुमार यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए थानाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र सौंपा है।

  • आरोप: राजेश के अनुसार, राकेश अपनी बीमार मामी की दवा लेने अस्पताल परिसर में स्थित मेडिकल स्टोर गया था। स्वास्थ्य विभाग की टीम के जाने के बाद कर्मियों व पुलिस कांस्टेबल ने उसके साथ मारपीट की और रात 12 बजे से उसे अवैध हिरासत में रखकर एनकाउंटर की धमकी दी।

  • रुपये गायब होने की शिकायत: प्रार्थना पत्र में वाहन जब्त करने और उसमें रखे दो लाख रुपये की जांच न कराने का आरोप भी लगाया गया है। परिजनों ने सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित कर जांच की मांग की है।

जिम्मेदारों का पक्ष

  • स्वास्थ्य विभाग (डॉ. मानवेंद्र पाल, नोडल अधिकारी): अस्पताल की सील टूटी मिली है। पहले से दर्ज मुकदमे में अब और गंभीर धाराएं बढ़ाई जाएंगी।

  • पुलिस (संजय कुमार मिश्र, थानाध्यक्ष इटवा): पुलिस पर लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। स्वास्थ्य विभाग से लिखित तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।