📅 Published on: September 1, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के मुंहचुरवा घाट के पास संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए इटवा थाना क्षेत्र के कपिया गांव निवासी ई-रिक्शा चालक हरिश्चंद्र (पुत्र रामगुलाम) का शव बरामद होने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
रात में घर से निकला था चालक प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरिश्चंद्र बीते रात करीब 11:30 बजे परिजनों से ट्रेन देखने की बात कहकर ई-रिक्शा लेकर निकला था। जब वह देर रात तक वापस नहीं लौटा, तो स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की।
खून के छींटे और लावारिस ई-रिक्शा मिलने से गहराया शक गश्त के दौरान पुलिस को मुंहचुरवा घाट के किनारे लावारिस हालत में ई-रिक्शा, चालक का मोबाइल फोन और पास में ही खून के छींटे मिले। इस मंज़र को देखकर परिजनों ने किसी अनहोनी और हत्या की आशंका जताई।
फॉरेंसिक और एनडीआरएफ टीम ने चलाया सर्च ऑपरेशन घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार और क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी ने पुलिस बल के साथ मौके का मुआयना किया। फील्ड यूनिट और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए। वहीं नदी में तलाशी के लिए एनडीआरएफ, स्थानीय गोताखोरों और कई थानों की पुलिस टीमों को बूढ़ी राप्ती नदी में उतारा गया।
8 किमी दूर मिला शव सघन खोजबीन के बाद मुंहचुरवा घाट से लगभग 8 किलोमीटर दूर मिश्रोलिया थाना क्षेत्र के सोनवरसा घाट के पास नदी में हरिश्चंद्र का शव बरामद हुआ। पुलिस ने विधिक कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है।