सिद्धार्थनगर में गैर इरादतन हत्या के 8 आरोपी गिरफ्तार: पुरानी रंजिश में हुई मारपीट के बाद इलाज के दौरान हुई थी मौत, नेपाल भागने की फिराक में थे बदमाश

निजाम अंसारी

सिद्धार्थनगर। जिले के मोहाना थाना क्षेत्र स्थित ग्राम बेलहरी में पुरानी रंजिश को लेकर हुई हिंसक मारपीट के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने गैर इरादतन हत्या के मुकदमे में नामजद 8 अभियुक्तों को सड्डा तिराहे से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया बांस का मोटा डंडा, यूकेलिप्टस का डंडा और स्टील का पाइप बरामद किया गया है।

पुरानी रंजिश में सिर पर किया था जानलेवा हमला पुलिस द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, बीते 26 जून 2026 को बेलहरी गांव में पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस हिंसक झड़प में जमाल अहमद नामक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोटें आई थीं। परिजन उन्हें तत्काल बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर ले गए, जहां से इलाज के बाद 18 जुलाई को उन्हें छुट्टी दे दी गई थी।

लखनऊ में इलाज के दौरान तोड़ा दम घर लौटने के बाद जमाल अहमद का स्वास्थ्य दोबारा बिगड़ने लगा। परिजन उन्हें तत्काल सिद्धार्थनगर जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने गंभीर हालत को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें डॉ. राम मनोहर लोहिया अस्पताल, लखनऊ में भर्ती कराया गया, जहां 28/29 अगस्त की रात इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी मौत की खबर मिलते ही पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दर्ज मुकदमे में गैर इरादतन हत्या समेत अन्य संगीन धाराएं बढ़ा दीं। एसपी डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देश पर आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया। मंगलवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर मोहाना पुलिस ने सड्डा तिराहे की घेराबंदी कर आठों आरोपियों को दबोच लिया। पूछताछ में सामने आया कि सभी आरोपी नेपाल भागने के लिए वाहन का इंतजार कर रहे थे।

गिरफ्तार आरोपियों की सूची गिरफ्तार किए गए सभी आरोपी बर्डपुर नंबर-5 के टोला छोटकी बेलहरी (थाना मोहाना) के निवासी हैं:

  • जुबेर अहमद

  • क्यूम अहमद

  • इमरान अहमद

  • कमरूद्दीन उर्फ रियाज

  • महबुद उर्फ महबूब

  • सफीउल्लाह

  • मोहम्मद आरिफ

  • हफीजुल्लाह उर्फ हाफू

आरोपियों के पास से बरामदगी

  • बांस का मोटा डंडा

  • यूकेलिप्टस का डंडा

  • स्टील का पाइप

सराहनीय पुलिस टीम यह पूरी कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत कुमार प्रसाद के निर्देशन तथा सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी सदर विश्वजीत सौरयान के पर्यवेक्षण में मोहाना थाना पुलिस द्वारा अंजाम दी गई। पुलिस ने सभी विधिक प्रक्रियाएं पूरी कर आरोपियों को न्यायालय भेज दिया है।