📅 Published on: September 3, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर । जिले में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। सिद्धार्थनगर-बर्डपुर मार्ग पर बढ़या गांव के पास बुधवार दोपहर दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में मरने वालों और घायलों में एक-एक व्यक्ति नेपाल का निवासी बताया जा रहा है, जिनकी अब तक शिनाख्त नहीं हो पाई है।
जानकारी के मुताबिक, मोहाना थाना क्षेत्र के जगदीशपुर गांव के टोला खलीलपुर निवासी संजय (34) पुत्र रामहरख अपनी पत्नी सुशीला (32) को बाइक पर बैठाकर बुधवार को कोर्ट की ओर जा रहा था। दरअसल मारपीट के एक मामले में सुशीला आरोपी है और दोनों उसकी जमानत कराने के सिलसिले में अदालत जा रहे थे। इसी दौरान बढ़या गांव के पास सामने से आ रही नेपाली नंबर की बाइक से उनकी बाइक की सीधी टक्कर हो गई।
हादसा इतना भीषण था कि संजय और नेपाली बाइक पर सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं संजय की पत्नी सुशीला और नेपाली बाइक पर बैठा दूसरा युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायल फिलहाल बेहोशी की हालत में हैं। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।
घायल नेपाली युवक को सिद्धार्थनगर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जबकि सुशीला की हालत ज्यादा गंभीर होने के कारण उसे गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस अब मृत और घायल नेपाली युवकों की पहचान का प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक इसमें सफलता नहीं मिली है। स्थानीय पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों और आसपास के लोगों से पूछताछ के आधार पर पहचान की कोशिश जारी है। हादसे के बाद क्षेत्र में मातम का माहौल है और संजय के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
गौरतलब है कि सिद्धार्थनगर-बर्डपुर मार्ग पर बीते कुछ समय से सड़क हादसों की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में मार्ग पर यातायात सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर गति नियंत्रण और सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है।