📅 Published on: September 16, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर जिले के त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र स्थित नगर पंचायत इटवा के पेंडारी गांव में चकमार्ग को लेकर दो पक्षों के बीच स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सड़क निर्माण को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में तब्दील हो गया। मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची त्रिलोकपुर पुलिस ने एहतियातन दोनों पक्षों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की है।
राबिस डालने से भड़का विवाद घटना के संबंध में प्रथम पक्ष ने क्षेत्राधिकारी (CO) डुमरियागंज को लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया कि नगर पंचायत इटवा की ओर से गांव के सार्वजनिक चकमार्ग पर राबिस डलवाने का कार्य कराया गया था। आरोप है कि राबिस पड़ते ही दूसरा पक्ष उग्र हो गया और निर्माण कार्य का विरोध करते हुए कहासुनी के बाद मारपीट पर आमादा हो गया।
दूसरे पक्ष का दावा: मामला न्यायालय में विचाराधीन वहीं दूसरी तरफ, दूसरे पक्ष ने आरोपों को खारिज करते हुए अपना रुख स्पष्ट किया है। उनका कहना है कि उक्त विवादित चकमार्ग की भूमि का मामला पहले से ही माननीय न्यायालय में विचाराधीन है। ऐसे में कोर्ट का अंतिम फैसला आने से पहले किसी भी प्रकार का पक्का या कच्चा निर्माण कराना गैर-कानूनी है। न्यायालय का फैसला आने के बाद ही निर्माण कार्य कराया जाना चाहिए।
अधिकारियों ने शुरू की मामले की जांच घटना के बाद से गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस प्रशासन मुस्तैद है। अधिकारियों का कहना है कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर और दावों की निष्पक्ष जांच की जा रही है। राजस्व टीम और पुलिस की संयुक्त जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।