चलती बाइक से गिरकर महिला की दर्दनाक मौत, कलक्ट्रेट के पास हुआ हादसा, परिवार में मचा कोहराम

Kapilvastupost

बर्डपुर (सिद्धार्थनगर): चिल्हिया थाना क्षेत्र के शाकिरडीह गांव की रहने वाली एक महिला की जिला मुख्यालय पर दवा लेने जाते समय हादसे में मौत हो गई। महिला कलक्ट्रेट के पास अचानक चलती बाइक से सड़क पर गिर पड़ी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। इलाज के लिए जिला अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद से मृतका के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।

जानकारी के अनुसार, शाकिरडीह निवासी सबीना खातून (45), पत्नी मोहम्मद हकीम, बुधवार को अपने देवर अब्दुल सबूर उर्फ गुड्डू के साथ बाइक पर सवार होकर दवा लेने जिला मुख्यालय जा रही थीं। जैसे ही बाइक कलक्ट्रेट के सामने पहुंची, सबीना अनियंत्रित होकर नीचे गिर गईं। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई। आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पांच मासूम बच्चों के सिर से उठा मां का साया मृतका अपने पीछे पांच बच्चों—कहकशां अंजुम (15), मो. सैफ (14), मो. अम्मार (12), मो. अम्माद (11) और मुदस्सिर (7)—को छोड़ गई हैं। मां की असमय मौत से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। बिलखते बच्चों को देखकर मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।

मामले की जानकारी देते हुए सिद्धार्थनगर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई थी और घायल महिला को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया था।