तेज रफ्तार बाइक ने ली 10 वर्षीय मासूम की जान, दो बहनों का इकलौता भाई था हरिओम

Kapilvastupost

पथरा बाजार (सिद्धार्थनगर): थाना क्षेत्र के सेहरी चौराहे पर गुरुवार को एक बेकाबू बाइक ने 12 वर्षीय बालक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। इस दर्दनाक हादसे से पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

सेहरी चौराहा निवासी सोमनाथ का 12 वर्षीय पुत्र हरिओम घर के सामने स्थित एक गैस एजेंसी के पास कुछ सामान लेने गया था। इसी दौरान डुमरियागंज की तरफ से आ रहे एक ही बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि किशोर उछलकर करीब चार फीट दूर जा गिरा।

घटना के बाद स्थानीय लोगों की सूचना पर थानाध्यक्ष जनार्दन प्रसाद तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गंभीर हालत में बच्चे को सरकारी गाड़ी से 50 शैया संयुक्त अस्पताल बांसी भिजवाया। वहां से स्थिति गंभीर देख डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे में बाइक सवार तीनों युवकों को भी चोटें आईं, जिन्हें पुलिस ने एम्बुलेंस से बांसी अस्पताल भिजवाया। उपचार के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव को मेडिकल कॉलेज से ही पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

इकलौता चिराग था हरिओम मृतक हरिओम दो बहनों से छोटा और अपने घर का इकलौता भाई था। कक्षा चार का छात्र हरिओम परिवार का बेहद दुलारा था। घटना के समय उसके पिता धार्मिक यात्रा पर घर से बाहर थे, जिनकी गैर-मौजूदगी में इस बड़ी अनहोनी ने परिवार को पूरी तरह तोड़कर रख दिया है।