शोहरतगढ़ में ‘सेवा संकल्प’ अभियान के तहत चला वृहद स्वच्छता अभियान, विधायक विनय वर्मा और अध्यक्ष उमा अग्रवाल ने की अगुवाई

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर (उत्तर प्रदेश): ‘सेवा संकल्प’ अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के शोहरतगढ़ नगर पंचायत में व्यापक स्तर पर स्वच्छता अभियान चलाया गया। शोहरतगढ़ से ‘अपना दल (एस)’ के विधायक विनय वर्मा और नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल की संयुक्त अगुवाई में आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों तथा नगर पंचायत के कर्मचारियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

अभियान के दौरान प्रसिद्ध श्री शिव बाबा मंदिर परिसर और उसके बाहरी क्षेत्र के साथ-साथ नगर के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर झाड़ू लगाकर सफाई की गई। स्वच्छता कार्य संपन्न होने के बाद विधायक, अध्यक्ष, अधिशासी अधिकारी (ईओ) नवीन और गणमान्य नागरिकों ने मंदिर परिसर के बाहर पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

मीडिया से बातचीत करते हुए विधायक विनय वर्मा ने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर शुरू हुआ ‘सेवा संकल्प’ अभियान पूरे शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में निरंतर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि हालांकि सफाई का कार्य रोजाना होता है, लेकिन इस तीन दिवसीय विशेष अभियान के माध्यम से पूरे नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है।

विनय वर्मा ने आगे कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हमेशा स्वच्छता को प्राथमिकता देते हैं और उनका संकल्प है कि हमारा देश, प्रदेश और हर शहर स्वच्छ व सुंदर रहे। वे समय-समय पर इसके लिए जनता को प्रेरित भी करते रहते हैं।” इस अवसर पर ईओ नवीन, नगर पंचायत कर्मी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।