बांसी-डुमरियागंज मार्ग पर वासा दरगाह का अधूरा पुल बना मुसीबत, नहर की सड़क से नहीं जुड़ा संपर्क मार्ग; जलभराव और गड्ढों से हादसे का खतरा

Kapilvastupost

डुमरियागंज( सिद्धार्थ नगर )तहसील क्षेत्र के ग्राम पंचायत वासा दरगाह में नहर के ऊपर बने पुल सड़क टूटी का अधूरा निर्माण ग्रामीणों के लिए मुसीबत बन गया है। आलम यह है कि पुल पर बनी सड़क का नहर की पटरी वाली मुख्य सड़क से मिलान ही नहीं किया गया है। पुल पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और जलभराव देखा जा सकता है, जिससे आवागमन जहांगीरों को दिक्कत हो रही है

ग्रामीणों के अनुसार यह पुल दर्जनों गांवों को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला महत्वपूर्ण पुल है। करीब डेढ़ साल पहले पुल पर सड़क का निर्माण किया गया था, लेकिन निर्माण के कुछ ही महीनों बाद सड़क उखड़ने लगी। गुणवत्ता की कमी के चलते आज सड़क की हालत ऐसी है कि उस पर पानी और गड्ढों के सिवा कुछ दिखाई नहीं देता।

सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि पुल की सड़क को दोनों तरफ नहर की रोड से जोड़ा ही नहीं गया है। बीच में बड़ा गैप छोड़ दिया गया है, जिसके कारण बाइक, साइकिल तो दूर ट्रैक्टर-ट्रॉली तक नहीं निकल पा रही है। बरसात में गड्ढों में पानी भर जाने से राहगीरों के गिरकर घायल होने का खतरा बना रहता है।

स्थानीय किसानों का कहना है कि पुल अधूरा होने से उन्हें अपने खेतों तक जाने के लिए 2 से 3 किलोमीटर का चक्कर लगाना पड़ता है। स्कूली बच्चों और मरीजों को सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार सिंचाई विभाग और तहसील प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन आज तक निर्माण पूरा नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर से मांग की है कि मौके का निरीक्षण कराकर पुल के अधूरे संपर्क मार्ग को नहर की सड़क से जोड़ा जाए और क्षतिग्रस्त सड़क की तत्काल मरम्मत कराई जाए।