📅 Published on: September 25, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में समाजवादी पार्टी (सपा) ने संगठन को मजबूती देने और 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के तहत विभिन्न क्षेत्रों में ‘पीडीए जन चौपाल’ का आयोजन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने संगठन के विस्तार के साथ-साथ आम जनता से सीधा संवाद स्थापित किया।
शोहरतगढ़ में ‘पीडीए स्वाभिमान ऐप’ से सदस्यता अभियान की शुरुआत
शोहरतगढ़ विधानसभा के बढ़नी ब्लॉक स्थित जमधरा गांव में समाजवादी शिक्षक सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मणेन्द्र मिश्रा के नेतृत्व में ‘पीडीए जन चौपाल’ का आयोजन हुआ। इस दौरान ‘पीडीए स्वाभिमान ऐप’ के माध्यम से सपा का सदस्यता अभियान शुरू किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत में संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित की गई।
सपा नेता मणेन्द्र मिश्रा ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देशों का हवाला देते हुए बताया कि प्रत्येक बूथ पर 400 सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि बीएलए के सहयोग से घर-घर जाकर लोगों को सदस्य बनाया जाएगा और पहली बार वोटर बन रहे नौजवानों व महिलाओं पर विशेष जोर रहेगा। चौपाल में मौजूद सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव को पुनः मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प दोहराया।
कार्यक्रम में पार्टी द्वारा प्रशिक्षित और शोहरतगढ़ विधानसभा के लिए नामित भुवनेश्वर पटेल ने ‘पीडीए स्वाभिमान ऐप’ के बारे में विस्तार से जानकारी दी। चौपाल की अध्यक्षता शोहरतगढ़ विधानसभा महासचिव महबूब आलम ने की। इस मौके पर पूर्व विधानसभा प्रत्याशी मुरलीधर मिश्रा, जोनल प्रभारी व जिलाध्यक्ष अल्पसंख्यक शकील शाह, प्रदेश सचिव हरिनाथ यादव, सैनिक प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष गोपाल फौजी, छात्रसभा के राष्ट्रीय सचिव अजय चौरसिया, सेक्टर प्रभारी रामसेवक यादव, राकेश गौतम प्रधान, विशाल बारी, अमित यादव, अमीन प्रसाद चौरसिया, रामनरेश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सिकरी में संगठन मजबूती और ग्रामीणों से संवाद
दूसरी ओर, कपिलवस्तु विधानसभा क्षेत्र के सिकरी चौराहा पर भी ‘पीडीए जन चौपाल’ का सफल आयोजन किया गया। यह चौपाल विधानसभा अध्यक्ष जोखन चौधरी के नेतृत्व तथा ब्लॉक अध्यक्ष लोटन राजू चौधरी की अध्यक्षता में संपन्न हुई।
चौपाल को संबोधित करते हुए जोखन चौधरी ने कहा कि 2027 का विधानसभा चुनाव देश और संविधान को बचाने का चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार लगातार संविधान और लोकतंत्र को कमजोर करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आगे कहा कि सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण प्रदेश की जनता महंगाई और बेरोजगारी से त्रस्त हो चुकी है।
सिकरी चौपाल के दौरान जिला प्रवक्ता व जिला सचिव अब्दुल कलाम सिद्दीकी, रियाज अहमद एडवोकेट, जिला पंचायत सदस्य रिंधू पासवान, चंद्रभान पहलवान, राजेंद्र प्रसाद, महेश प्रसाद कनौजिया, बृजभान यादव आदि प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।