डुमरियागंज: फर्जी बैनामा कराकर जमीन हड़पने के आरोप में महिला समेत छह पर केस दर्ज

Kapilvastupost

डुमरियागंज (सिद्धार्थनगर)। डुमरियागंज थाना क्षेत्र के रेहरा गांव में भूमि विवाद से जुड़े एक मामले में कूटरचित दस्तावेज तैयार कर अवैध तरीके से बैनामा कराने के आरोप में पुलिस ने एक महिला समेत छह लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश के बाद की गई है।

कोर्ट के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

रेहरा गांव निवासी शिकायतकर्ता मो. आरिफ ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (सीजेएम) की अदालत में प्रार्थना पत्र देकर बताया कि उन्होंने उच्च अधिकारियों और मुख्यमंत्री पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की थी। हालांकि, कोई सुनवाई न होने पर उन्होंने न्यायालय की शरण ली। कोर्ट के निर्देश पर डुमरियागंज पुलिस ने सभी आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

क्या है पूरा विवाद?

शिकायतकर्ता के अनुसार, उनके स्वर्गीय दादा मोहम्मद सईद ने वर्ष 1989 में गाटा संख्या 228 और 615 की भूमि मौखिक हिब्बानामा (दान) के जरिए उनके और उनकी मां समीमुन्निसा के नाम कर दी थी। आरोप है कि उनके पिता मो. शकील की मृत्यु के बाद उनकी बुआ अरबुन्निसा (पत्नी अब्दुल हलीम, निवासी अमवा तहसील मनकापुर, जनपद गोंडा) के मन में लालच आ गया।

आरोप है कि बुआ ने पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेज तैयार किए और गाटा संख्या 228 ख व 615 का नुमाइशी एवं फर्जी बैनामा करा लिया।

धोखाधड़ी कर बेची गई जमीन

शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि मामला सिविल जज (जू.डि.) डुमरियागंज और राजस्व परिषद लखनऊ में विचाराधीन होने और स्थगन आदेश के बावजूद, तथ्यों को छुपाते हुए उनकी बुआ ने बभनी माफी निवासी एक व्यक्ति को दो बीघा जमीन बिना खतौनी में नाम दर्ज हुए बेच दी। जालसाजी की नीयत से किए गए इस फर्जी बैनामे के खिलाफ पीड़ित ने कानूनी लड़ाई लड़ी, जिसके बाद अब पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।