सिद्धार्थ नगर – पुलिस चौकी से 50 मीटर दूरी पर दुस्साहसिक वारदात: कोल्ड्रिंक दुकान का ताला तोड़ 1.80 लाख नकद उड़ा ले गए चोर, कारोबारियों में दहशत

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। खाकी के खौफ को दरकिनार कर बेखौफ चोरों ने डुमरियागंज थाना क्षेत्र के भटंगवा गांव में एक बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया है। भटंगवा पुलिस चौकी से महज 50 मीटर की दूरी पर स्थित ‘जफर कोल्ड्रिंक’ की दुकान का ताला तोड़कर चोरों ने करीब 1 लाख 80 हजार रुपये नकद पार कर दिए। खाकी के इतने करीब हुई इस वारदात से स्थानीय दुकानदारों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व सुरक्षा को लेकर भय का माहौल है।

रात के अंधेरे में पीछे से तोड़ा ताला प्राप्त जानकारी के अनुसार, भटंगवा निवासी कमर अब्बास (पुत्र स्वर्गीय सहकार हुसैन) की गांव में ही ‘जफर कोल्ड्रिंक’ के नाम से दुकान है। बुधवार और गुरुवार की मध्य रात्रि चोरों ने दुकान को निशाना बनाया। शातिर चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में लगा ताला तोड़ा और अंदर दाखिल होकर गल्ले/अलमारी में रखे 1.80 लाख रुपये नकद लेकर रफूचक्कर हो गए। सुबह जब घटना की जानकारी हुई तो इलाके में सनसनी फैल गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, जल्द खुलासे का दावा घटना की सूचना मिलते ही डुमरियागंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। उपनिरीक्षक मनोज पटेल ने पुलिस बल के साथ घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और पीड़ित व्यवसायी से घटना की जानकारी ली। पुलिस ने पीड़ित को भरोसा दिलाया है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर चोरों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

स्थानीय दुकानदारों में सुरक्षा को लेकर चिंता पुलिस चौकी के इतने करीब चोरी होने से स्थानीय व्यापारी अपनी सुरक्षा को लेकर बेहद चिंतित हैं। व्यापारी लालचंद्र अग्रहरि, तिलकधारी अग्रहरि, अजय अग्रहरि, साजिद अली, बदलू हलचल और बृजेश अग्रहरि सहित अन्य दुकानदारों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामला दर्ज कर चोरों की तलाश में जुटी हुई है।