📅 Published on: October 1, 2026
KAPILVASTUPOST
सिद्धार्थनगर:
पत्रकारिता के क्षेत्र में जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने और पत्रकारों के अधिकारों की लड़ाई लड़ने वाले सिद्धार्थनगर निवासी इरशाद फारूकी को ऑल इंडिया पत्रकार एकता संघ का बस्ती मंडल उपाध्यक्ष मनोनीत किया गया है। इस नियुक्ति से सिद्धार्थनगर के पत्रकार जगत और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई है।
महिला पत्रकार मनजीत कौर को न्याय दिलाने में निभाई थी मुख्य भूमिका
संगठन के संस्थापक दिनेश दीक्षित और राष्ट्रीय अध्यक्ष कुलदीप सिंह ने इरशाद फारूकी को जिम्मेदारी सौंपने के साथ ही सम्मान पत्र देकर सम्मानित किया।
सम्मान पत्र में लखीमपुर खीरी में ससुराल पक्ष के उत्पीड़न का शिकार हो रही महिला पत्रकार मनजीत कौर के आमरण अनशन में इरशाद फारूकी द्वारा निभाई गई सक्रिय और निर्णायक भूमिका की विशेष सराहना की गई। उनके अथक प्रयासों के बल पर पीड़ित महिला पत्रकार को न्याय मिल सका था। इसके अतिरिक्त निष्पक्ष पत्रकारिता और जनसमस्याओं को उठाने में उनके योगदान की प्रशंसा की गई।
पत्रकार हितों के लिए सदैव तत्पर रहने का संकल्प
नवनियुक्त बस्ती मंडल उपाध्यक्ष इरशाद फारूकी ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सौंपी गई जिम्मेदारी का पूर्ण निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करेंगे। उन्होंने दोहराया कि संगठन के माध्यम से पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और जनहित के मुद्दों को मजबूती से उठाने का काम लगातार जारी रहेगा।
बधाइयों का लगा तांता
इरशाद फारूकी के बस्ती मंडल उपाध्यक्ष बनने पर जिले के पत्रकारों और गणमान्य लोगों ने खुशी जताई है। बधाई देने वालों में मुख्य रूप से नियामतुल्लाह, मुकेश कुमार सिंह, बजरंगी चौधरी, सलमान मेंहदी, मोहसिन अली सहित तमाम पत्रकार एवं सम्मानित नागरिक शामिल रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल और सफल कार्यकाल की कामना की।