बांसी: घोसियारी बाजार को नगर पंचायत बनाने की मांग, कांग्रेस ने निकाली पदयात्रा और दिया धरना
📅 Published on: October 3, 2026
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। बांसी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घोसियारी बाजार को नगर पंचायत का दर्जा दिए जाने की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार पदयात्रा निकाली और धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेता हेमंत चौधरी के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन के माध्यम से घोसियारी बाजार में नगरीय दर्जा देने के साथ-साथ क्षेत्र में मूलभूत नागरिक सुविधाएं बहाल करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई।
दर्जनों गांवों का केंद्र है घोसियारी बाजार
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कहा कि घोसियारी बाजार आसपास के दर्जनों गांवों के निवासियों के लिए एक प्रमुख व्यावसायिक और सामाजिक केंद्र है। तेजी से बढ़ती आबादी और बाजार के लगातार होते विस्तार के बावजूद यहां सड़क, नाली, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई और पेयजल जैसी बुनियादी समस्याओं का अंबार लगा हुआ है।
प्रशासनिक स्तर पर सर्वे और प्रस्ताव भेजने की मांग
आंदोलन के अंत में कांग्रेस नेता हेमंत चौधरी ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन नायब तहसीलदार बांसी, महबूब आलम को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि:
घोसियारी बाजार को जल्द से जल्द नगर पंचायत घोषित करने के लिए आवश्यक सर्वे और प्रशासनिक प्रक्रिया शुरू कर प्रस्ताव शासन को भेजा जाए।
जब तक औपचारिक रूप से नगर पंचायत का दर्जा नहीं मिलता, तब तक बाजार में सड़क निर्माण, नाली-जल निकासी, स्ट्रीट लाइट, नियमित कूड़ा उठान, पेयजल और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए।

