📅 Published on: October 5, 2026
नेपाल सीमा से सटे इलाके में कार्रवाई, पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल; अस्पताल में भर्ती।
Kapilvastupost
खुनुवां , शोहरतगढ़ । नेपाल के रुपन्देही जिले में 10 वर्षीय बालिका के अपहरण के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। कार्रवाई के दौरान पुलिस की गोली लगने से आरोपी घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए लुम्बिनी प्रादेशिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जिला पुलिस के अनुसार, तिलोत्तमा नगरपालिका क्षेत्र से बुधवार रात 10 वर्षीय बालिका का उसके घर से अपहरण कर लिया गया था। घटना के समय बच्ची अपने भाई के साथ कमरे में सो रही थी, जबकि दादा-दादी घर के बाहर सोए थे। रात करीब 2 बजे जब परिजन कमरे में पहुंचे तो बच्ची गायब थी, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
38 घंटे तक चला सघन तलाशी अभियान सूचना मिलते ही पुलिस ने बृहस्पतिवार सुबह से गांव और आसपास के जंगलों में बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान शुरू किया। करीब 38 घंटे की मशक्कत के बाद शुक्रवार शाम लगभग 7 बजे बालिका को कान्छी बाजार क्षेत्र के जंगल से सकुशल बरामद कर लिया गया।
मोबाइल और डिजिटल सुराग से पकड़ा गया आरोपी बालिका की खोजबीन के दौरान घटनास्थल और बरामदगी स्थल से मिले मोबाइल फोन व अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी थारू की पहचान की। बालिका के मिलने के बाद भी आरोपी फरार चल रहा था। रविवार तड़के करीब 1 बजे पुलिस टीम ने जंगल में घेराबंदी कर आरोपी को ढूँढ निकाला।
गिरफ्तारी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर हमला करने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस द्वारा चलाई गई गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे दबोच लिया गया। पुलिस फिलहाल अपहरण की वजहों और आरोपी की अन्य संलिप्तता की गहन जांच कर रही है।