📅 Published on: October 6, 2026
Kapilvastupost
बढ़नी, सिद्धार्थनगर
नगर पंचायत बढ़नी स्थित पीएनबी बैंक के पास बीती रात बेखौफ चोरों ने घर के बाहर खड़ी एक मोटरसाइकिल पर हाथ साफ कर दिया। सुबह जब वाहन स्वामी सोकर उठा तो गाड़ी गायब थी। काफी खोजबीन के बाद भी सुराग न मिलने पर पीड़ित ने जन सुनवाई पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई और स्थानीय पुलिस को तहरीर देकर जल्द से जल्द बाइक बरामदगी व चोरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मिली जानकारी के अनुसार, नगर पंचायत बढ़नी वार्ड नंबर 8 निवासी दुर्गा प्रसाद यादव (पुत्र स्व. संतराम यादव) नगर पंचायत में प्लंबर के पद पर कार्यरत हैं। दुर्गा प्रसाद ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि बीती रात वे अपनी ड्यूटी खत्म कर घर पहुंचे और अपनी बाइक (UP 55 H 2055) को रोजाना की तरह मकान के बाहर खड़ी कर अंदर सोने चले गए।
सुबह जब वे जागे और बाहर निकले तो देखा कि गाड़ी अपने स्थान पर मौजूद नहीं थी। उन्होंने आसपास के इलाकों और अपने स्तर पर हर संभव जगह खोजबीन की, लेकिन मोटरसाइकिल का कोई पता नहीं चला।
चोरी की घटना से परेशान पीड़ित ने तत्काल आईजीआरएस / जन सुनवाई पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई और ढेबरुआ (बढ़नी) थाना पुलिस को शिकायती पत्र सौंपा। पीड़ित ने पुलिस से मामले का संज्ञान लेकर जांच करने और चोरों को गिरफ्तार कर बाइक बरामद कराने की गुहार लगाई है।