रेलवे की बड़ी कार्रवाई: सिद्धार्थनगर में चला बुलडोजर, सदर विधायक का कैंप कार्यालय भी अतिक्रमण की चपेट में आया

स्टेशन रोड से पुराना बीएसए कार्यालय तक चला व्यापक अभियान, अवैध टिनशेड और चबूतरों को किया गया ध्वस्त

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। रेलवे प्रशासन ने सोमवार को अपनी जमीन पर किए गए अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ा बुलडोजर एक्शन लिया। इस दौरान शहर के स्टेशन रोड से लेकर सिद्धार्थ चौक होते हुए पुराना बीएसए कार्यालय तक व्यापक स्तर पर अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। कार्रवाई के दौरान स्टेशन रोड पर स्थित कपिलवस्तु विधानसभा (सदर) से विधायक श्यामधनी राही के कैंप कार्यालय के बाहर बने अवैध टिनशेड और चबूतरे को भी ध्वस्त कर दिया गया।

फोर्स और अधिकारियों को देख मचा हड़कंप

सोमवार को आईओडब्ल्यू शिवम कुमार, नायब तहसीलदार अमित कुमार, जीआरपी, आरपीएफ और सिविल पुलिस की टीम भारी पुलिस बल तथा जेसीबी मशीनों के साथ सबसे पहले स्टेशन रोड पहुंची। भारी संख्या में पुलिस बल और अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी गरजते देख अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई से बचते हुए कई दुकानदारों व स्थानीय लोगों ने खुद ही अपने अवैध टिनशेड व सामान हटाने शुरू कर दिए।

एलाट जमीन से अतिरिक्त कब्जे पर चला बुलडोजर

रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि आवंटित जमीन से अधिक पर जिस किसी का भी कब्जा दिखेगा, उसे तत्काल हटाया जाएगा। स्टेशन रोड पर रेलवे की एक दुकान में कपिलवस्तु विधायक श्यामधनी राही का कैंप कार्यालय संचालित था। कार्यालय के आगे दुकान सीमा से बाहर बढ़ाकर शेड और चबूतरा बनाया गया था। कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने अधिकारियों को अवगत कराया कि यह विधायक का कार्यालय है, लेकिन अधिकारियों ने नियम के तहत निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए अवैध हिस्से को ढहा दिया।

दोबारा कब्जा करने पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

रेलवे के आईओडब्ल्यू शिवम कुमार ने कहा कि रेलवे अपनी भूमि पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं करेगा। अभियान के तहत पूरे मार्ग को अतिक्रमण मुक्त कराया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि भविष्य में किसी ने पुनः रेलवे की भूमि पर कब्जा करने का प्रयास किया, तो उसके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।