पेराई सत्र 2026-27: गन्ना मूल्य ₹600 प्रति कुंतल हो, रणवीर सिंह रन्नू ने रखी किसानों की मांग

गन्ना आयुक्त कार्यालय में हुई बैठक में बढ़ती लागत और महंगाई का दिया हवाला

Kapilvastupost

**लखनऊ।** आगामी पेराई सत्र 2026-27 के गन्ना मूल्य निर्धारण को लेकर बुधवार, 7 अक्टूबर को गन्ना आयुक्त कार्यालय, लखनऊ में अहम बैठक हुई। बैठक में गन्ना किसानों की समस्याओं पर चर्चा हुई। सहकारी गन्ना विकास समिति लिमिटेड, बलरामपुर के अध्यक्ष रणवीर सिंह रन्नू ने इसमें हिस्सा लिया और गन्ना मूल्य बढ़ाकर ₹600 प्रति कुंतल करने की पुरजोर मांग रखी।

बैठक में उत्तर प्रदेश के गन्ना आयुक्त, कई वरिष्ठ गन्ना विभागीय अधिकारी, विभिन्न चीनी मिलों के प्रतिनिधि और मालिक मौजूद रहे। अपर गन्ना आयुक्त (प्रशासन), अपर गन्ना आयुक्त (समितियां) और अपर गन्ना आयुक्त (क्रय) सहित गन्ना मुख्यालय के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

**”₹600 का रेट भी कम”**

रन्नू ने कहा कि बढ़ती खेती की लागत और महंगाई को देखते हुए गन्ना मूल्य में उचित वृद्धि बहुत जरूरी है। उन्होंने कहा, यदि सही मूल्यांकन किया जाए तो ₹600 प्रति कुंतल का रेट भी किसानों के लिए कम ही है।

**बैठक में सकारात्मक चर्चा**

बताया गया कि ₹600 प्रति कुंतल की मांग पर बैठक में सकारात्मक चर्चा हुई। चीनी मिलों के प्रतिनिधियों की ओर से भी इस पर सहमति जताई गई।

रन्नू ने कहा कि किसानों के हित, उनकी आय बढ़ाने और गन्ना उत्पादन को प्रोत्साहन देने के लिए यह मांग मजबूती से उठाना उनका निरंतर प्रयास है। उन्होंने कहा, “किसान हित सर्वोपरि है।”