📅 Published on: October 7, 2026
फायर ब्रिगेड ने मशक्कत के बाद पाया काबू, पशु विभाग की टीम कर रही झुलसे पशुओं का इलाज
Kapilvastupost
**सिद्धार्थनगर/उसका बाजार।** उसका बाजार थाना क्षेत्र के अजगरा गांव में रात करीब आठ बजे एक छप्पर में अचानक भीषण आग लग गई। हादसे में एक भैंस, एक गाय और करीब 20 बकरियां बुरी तरह झुलस गईं, जबकि छप्पर पूरी तरह जलकर राख हो गया।
जानकारी के अनुसार, विजय पासवान के छप्पर से अचानक आग की लपटें उठने लगीं। यह देखकर ग्रामीण मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास किया। सूचना पर फायर ब्रिगेड और पुलिस की टीम भी पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है।
**पशुपालन और पंचर की दुकान से चलता है घर**
पीड़ित परिवार पशुपालन के साथ साइकिल पंचर की दुकान चलाकर अपना भरण-पोषण करता है। पशुओं के झुलसने और छप्पर जलने से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। पीड़ित तुलसी पासवान ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है।
**इलाज शुरू, कारणों की जांच**
हादसे की सूचना पर पशु विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और झुलसे पशुओं का उपचार शुरू किया। पुलिस आग लगने के कारणों की जांच कर रही है। परिवार ने प्रशासन से नुकसान का आकलन कराकर जल्द आर्थिक मदद दिलाने की मांग की है।