📅 Published on: October 8, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर / बढ़नी
हाल ही में हुए मूसलाधार बारिश और तेज तूफान के कारण जनपद सिद्धार्थनगर के विकास खंड बढ़नी अंतर्गत ग्राम पंचायत तौलिहवा में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। बाढ़ और भीषण बारिश के इस प्रकोप से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, वहीं प्राथमिक विद्यालय इटहिया (स्थित राजा कोहा उर्फ प्रतापपुर) में बड़ा नुकसान देखने को मिला है।
लगातार हो रही बारिश और तेज हवाओं के दबाव के चलते विद्यालय परिसर की लगभग 15 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल (चारदीवारी) अचानक टूटकर गिर गई। गनीमत यह रही कि इस घटना के दौरान कोई बड़ा हादसा होने से बच गया।
स्कूल प्रशासन ने जताई चिंता
बाउंड्री वॉल गिरने की सूचना मिलते ही विद्यालय के इंचार्ज प्रधानाध्यापक सुरेश कुमार यादव और एसएमसी (स्कूल प्रबंध समिति) अध्यक्ष सुनीता देवी ने स्थिति का जायजा लिया। इंचार्ज प्रधानाध्यापक और एसएमसी अध्यक्ष ने बताया कि बारिश और बाढ़ के कारण बाउंड्री कमजोर होकर ढह गई है।
चारदीवारी टूटने से अब विद्यालय परिसर की सुरक्षा को लेकर गंभीर संकट खड़ा हो गया है। स्कूल प्रशासन और ग्रामीणों ने संबंधित अधिकारियों से जल्द से जल्द बाउंड्री वॉल के पुनर्निर्माण की मांग की है, ताकि बच्चों और विद्यालय की संपत्ति की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।