नेपाल: बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई विनाशकारी बाढ़, 35 घर और पुल बहे; 10 लोग लापता

गुरु जी की कलम से

बढ़नी ,काठमांडू। नेपाल के गोरखा जिले में रविवार सुबह बूढ़ी गंडकी नदी में अचानक आई भीषण बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है। बाढ़ के तेज बहाव में कम से कम 35 घर और एक प्रमुख झूला पुल बह गए, जबकि दो जलविद्युत (हाइड्रोपावर) परियोजनाओं को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है। घटना के बाद से करीब 10 लोग लापता बताए जा रहे हैं, जबकि राहत और बचाव दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 50 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया है।

नदी तटीय इलाकों में भारी नुकसान

गोरखा जिला प्रशासन के सहायक मुख्य जिला अधिकारी नेत्र प्रसाद शर्मा के अनुसार, गंडकी प्रांत के सल्लेरी, पैयुका और जगत जैसे निचले तटीय क्षेत्रों में भारी तबाही हुई है। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर नदी किनारे रहने वाले सभी निवासियों को तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने और सतर्क रहने की सलाह दी है।

चुमनुबरी ग्रामीण नगरपालिका-तीन के वार्ड अध्यक्ष राम कुमार गुरुंग ने बताया कि बाढ़ के कारण क्षेत्र को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण झूला पुल बह गया है, जिससे संपर्क टूट गया है। फिलहाल किसी की मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन लापता लोगों की तलाश के लिए खोज अभियान जारी है।

डेढ़ महीने में दूसरी बड़ी आपदा

नेपाल में यह आपदा भोटेकोशी और त्रिशूली नदियों में आई विनाशकारी बाढ़ के महज डेढ़ महीने बाद आई है। बार-बार आ रही प्राकृतिक आपदाओं से गंडकी प्रांत के तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों की चिंताएं और बढ़ गई हैं।