नवरात्र पर उपभोक्ताओं की सेहत से खिलवाड़ नहीं! खाद्य विभाग का बड़ा छापा, 66.5 किलो कुट्टू का आटा सीज
📅 Published on: October 12, 2026
शोहरतगढ़ चौक बाजार में ताबड़तोड़ कार्रवाई, घी-साबूदाना समेत 6 नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए
कपिलवस्तुपोस्ट सिद्धार्थनगर।
पावन नवरात्र पर्व के दौरान व्रत में इस्तेमाल होने वाले खाद्य पदार्थों में मिलावटखोरी करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने शिकंजा कस दिया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर विभाग की टीम ने शोहरतगढ़ क्षेत्र के चौक बाजार और ढेकहरी बुजुर्ग में औचक छापेमारी की। इस दौरान मानकों पर खरे न उतरने वाले 66.5 किलोग्राम कुट्टू के आटे को सीज कर दिया गया, जबकि मिलावट की आशंका के चलते खाद्य पदार्थों के 6 कुल नमूने (सैंपल) लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिए गए हैं।
इन इलाकों में की गई ताबड़तोड़ छापेमारी
आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश तथा जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर के आदेश के क्रम में सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के मार्गदर्शन में यह विशेष अभियान चलाया गया।
छापेमारी के दौरान टीम ने प्रमुख बाजारों से निम्नलिखित नमूने संग्रहित किए:
चौक बाजार (शोहरतगढ़): कुट्टू के आटे के 2 नमूने और ‘गोपीश्री’ ब्रांड घी का 1 नमूना।
ढेकहरी बुजुर्ग: कुट्टू का आटा, साबूदाना और मूंगफली तेल का 1-1 नमूना।


