📅 Published on: October 15, 2026
इंस्टाग्राम पर हुए प्रेम-प्रसंग से जुड़ा मामला, युवक को मौके पर बुलाने की जिद पर अड़ी 15 वर्षीय किशोरी
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर। जिले के डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत बैदौला चौराहे पर उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब एक करीब 15 वर्षीय किशोरी अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। ऊंचाई पर किशोरी को चढ़ा देख स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय नागरिकों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर किशोरी को सुरक्षित नीचे उतारने की कोशिशों में जुट गई।
युवक को बुलाने की मांग पर अड़ी, परिजनों का बढ़ा तनाव
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूरा मामला प्रेम-प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है। टावर पर चढ़ी किशोरी कथित तौर पर एक युवक को मौके पर बुलाने की मांग कर रही है और उसी के आने के बाद नीचे उतरने की जिद पर अड़ी है। किशोरी की इस जिद के कारण पुलिस प्रशासन और परिजनों के सामने उसे सकुशल नीचे उतारने की बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। पुलिस अधिकारी और स्थानीय लोग लगातार उसे समझा-बुझाकर नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं।
सुबह से लापता थी बेटी, इंस्टाग्राम से शुरू हुआ था संपर्क
किशोरी के पिता साजन ने बताया कि उनकी 15 वर्षीय बेटी उमा सुबह से ही घर से गायब थी। परिजन उसकी खोजबीन में लगे थे कि तभी बैदौला चौराहे के टावर पर उसके चढ़ने की सूचना मिली। पिता के मुताबिक, बेटी इंस्टाग्राम के माध्यम से एक युवक के संपर्क में आई थी और उससे बातचीत करती थी।
परिजनों ने यह भी बताया कि बीते दिन बड़ा चौराहे के पास पुलिस ने किशोरी को उसी युवक के साथ पकड़ा था, जिसके बाद परिजन समझा-बुझाकर उसे घर ले आए थे। माना जा रहा है कि इसी घटनाक्रम के तनाव में किशोरी ने यह घातक कदम उठाया, हालांकि घटना की वास्तविक वजहों की आधिकारिक पुष्टि होनी अभी बाकी है।
मौके पर लोगों का हुजूम, सुरक्षा के कड़े इंतजाम
घटना के बाद से ही बैदौला चौराहे पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जुटी हुई है। परिजन भी लगातार किशोरी से रो-रोकर नीचे उतरने की मार्मिक अपील कर रहे हैं। पुलिस टीम किसी भी संभावित अनहोनी को रोकने और स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए मुस्तैद है। फिलहाल पूरे इलाके में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है|