📅 Published on: October 18, 2026
Kapilvastupost
बलरामपुर: जिले के कोतवाली देहात क्षेत्र के चरन गहिया बेल्हा गांव में शनिवार रात एक भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ जब लोग दुर्गा पंडाल के पास धार्मिक कार्यक्रम का आनंद ले रहे थे। घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और सनसनी फैल गई है।
कैसे हुआ हादसा?
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10:30 बजे गांव में सड़क किनारे स्थित दुर्गा माता मंदिर के पास एक टेंट लगाकर पर्दे पर वीडियो दिखाया जा रहा था, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार अचानक सड़क से नीचे उतरी और टेंट का कुछ हिस्सा तोड़ते हुए वहां मौजूद लोगों पर चढ़ गई।
तीन की मौत, घायलों का इलाज जारी
इस भीषण टक्कर की चपेट में आने से कुल सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में एक बाइक और कार दोनों को भी काफी नुकसान पहुंचा है। घटना के तुरंत बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, अन्य चार घायलों का इलाज जारी है, जिनकी हालत गंभीर बनी हुई है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है।