सिद्धार्थनगर: अपनी ही भूमि पर अवैध निर्माण का आरोप, पीड़ित ने DM से लगाई निर्माण कार्य रोकने की गुहार

Kapilvastupost

उसका ,सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर जिले के उसका बाजार नगर पंचायत क्षेत्र के निवासी गिरिजा शंकर ने अपनी भूमि पर दबंगों द्वारा जबरन पक्का निर्माण कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में जिलाधिकारी (DM) को शिकायती पत्र देकर चल रहे अवैध निर्माण कार्य पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने की मांग की है।

विरोध करने पर विवाद की स्थिति

शिकायती पत्र के अनुसार, मामला नौगढ़ तहसील क्षेत्र के नगवा गांव का है, जहां गिरिजा शंकर की भूमि गाटा संख्या 73/4 में स्थित है। आरोप है कि गांव के ही कुछ दबंग लोग उनकी भूमि पर जबरन पक्का निर्माण कार्य करवा रहे हैं। पीड़ित का कहना है कि जब उन्हें इस निर्माण की जानकारी हुई, तो उन्होंने मौके पर जाकर इसका विरोध किया। हालांकि, विरोध के बावजूद दबंगों ने निर्माण कार्य बंद नहीं किया। उल्टा, विरोध जताने पर संबंधित लोग एकजुट होकर मौके पर विवाद की स्थिति पैदा करने लगे।

शांति व्यवस्था बिगड़ने और आर्थिक नुकसान की आशंका

पीड़ित गिरिजा शंकर ने यह आशंका जताई है कि यदि अवैध निर्माण कार्य लगातार जारी रहता है, तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। इसके साथ ही मौके पर शांति व्यवस्था भी प्रभावित हो सकती है। पीड़ित ने जिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और गाटा संख्या 73/4 पर चल रहे अवैध निर्माण कार्य को तुरंत रुकवाने का आग्रह किया है।