बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर दर्दनाक हादसा: अज्ञात वाहन की ठोकर से बाइक सवार मजदूर की मौत, परिवार में मचा कोहराम
📅 Published on: October 26, 2026
Kapilvastupost
बांसी (सिद्धार्थनगर): कोतवाली बांसी क्षेत्र के बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर शनिवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बहबोल के पास अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक सवार एक मजदूर की मौत हो गई। इस घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मजदूरी कर लौट रहा था घर
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सहजी बेलबनवा (थाना कोतवाली बांसी) निवासी 35 वर्षीय रंपत निषाद पुत्र नारायन निषाद मजदूरी का काम करता था। शनिवार की रात करीब 11:30 बजे वह अपना काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह बांसी-खलीलाबाद मार्ग पर बहबोल के पास पहुंचा, तभी बांसी की तरफ से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की सीसी (CC) टीम तुरंत मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घायल रंपत को उपचार के लिए बांसी के 50 बेड संयुक्त जिला चिकित्सालय पहुंचाया, जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल से मौत की खबर मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। रोते-बिलखते परिजन भी तुरंत अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस की कार्रवाई
इस संबंध में कोतवाली बांसी के प्रभारी निरीक्षक (SHO) महेंद्र प्रताप चतुर्वेदी ने बताया कि पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन और चालक की तलाश की जा रही है तथा मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
प्रतीकात्मक फोटो


