📅 Published on: October 28, 2026
कपिलवस्तु पोस्ट
सिद्धार्थनगर: जिला कांग्रेस कार्यालय पर आयोजित एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता में कांग्रेस के ‘वोट बचाओ देश बचाओ’ अभियान के केंद्रीय पर्यवेक्षक एवं राजस्थान के आदर्श नगर (जयपुर) से विधायक रफीक खान ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और केंद्र सरकार मिलकर काम कर रहे हैं, जिससे देश की इस संवैधानिक संस्था की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर उठाए सवाल
विधायक रफीक खान ने कहा कि एक समय था जब चुनाव आयोग को पूरी तरह निष्पक्ष और स्वतंत्र संस्था के रूप में देखा जाता था, लेकिन मौजूदा भाजपा सरकार के कार्यकाल में लगातार वोट चोरी के गंभीर आरोप सामने आ रहे हैं। उन्होंने पश्चिम बंगाल और महाराष्ट्र का उदाहरण देते हुए आरोप लगाया कि वहां चुनावी प्रक्रिया में धांधली और वोट चोरी के जरिए भाजपा ने सत्ता हासिल की है। उन्होंने दो टूक कहा कि चुनावी प्रक्रिया की पवित्रता और निष्पक्षता को लेकर उठ रहे ये सवाल देश के लोकतंत्र के लिए कतई उचित संकेत नहीं हैं।
भाजपा का जनाधार लगातार गिर रहा है: जिलाध्यक्ष
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कांग्रेस जिलाध्यक्ष काज़ी सुहेल अहमद और पूर्व सांसद मोहम्मद मोकीम ने संयुक्त रूप से आरोप लगाया कि भाजपा आम जनमानस में अपना लगातार गिरता जनाधार देखकर अब वोट चोरी के हथकंडे अपना रही है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चुनावी मुद्दा नहीं बल्कि देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था को बचाने से जुड़ा एक बेहद अहम सवाल है, जिसे कांग्रेस पार्टी जन-जन तक लेकर जाएगी।
इस दौरान प्रेस वार्ता में कृष्ण बहादुर सिंह, अभिनय राय, अकील अहमद मुन्नू, गालिब बिसेन, सतीश चन्द्र त्रिपाठी, शकील हाशमी, रंजना मिश्रा, अश्विनी सिंह सोलंकी, मैनुद्दीन प्रधान, सुदामा प्रसाद, रितेश त्रिपाठी, आसिफ रिज़्वी, रियाज़ मनिहार, राजेश सिंह, इश्तियाक चौधरी, मुकेश चौबे, नफीस चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।