पैसा और सोना दोगुना करने का झांसा देने वाले ठग गिरोह का पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार; एक की तलाश जारी
📅 Published on: October 29, 2026
कपिलवस्तु पोस्ट
बढ़नी, सिद्धार्थनगर: सिद्धार्थनगर जिले के शोहरतगढ़ थाना क्षेत्र में लोगों को अमीर बनाने और सोना-रुपये दोगुने करने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरोह के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनके एक फरार साथी की तलाश सरगर्मी से की जा रही है।
क्या है पूरा मामला?
घटना स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत पैकी की है। पीड़ित सेठे चौधरी पुत्र रामकरन चौधरी ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि 27 अक्टूबर को दोपहर करीब दो बजे वह और उनकी बहू मनीषा घर पर थे। इस दौरान एक मोटरसाइकिल (संख्या यूपी 53 ईपी 8647) पर सवार होकर तीन संदिग्ध लोग उनके घर पहुंचे।
आरोपियों ने बहू को अपनी चिकनी-चुपड़ी बातों में उलझा लिया और उनके सोने के जेवर को दोगुना करने का लालच दिया। झांसे में आकर परिजनों ने सोने की बिंदिया, नथिया, एक जोड़ी झुमका, मंगलसूत्र और अंगूठी समेत करीब पांच प्रकार के आभूषण उन्हें सौंप दिए। जेवर मिलते ही तीनों बाइक पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
ग्रामीणों की सूझबूझ से हत्थे चढ़े ठग
घटना की जानकारी मिलते ही पीड़ित परिवार और आसपास के ग्रामीणों ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी। चंदवा गांव के पास ग्रामीणों ने संदिग्धों को देख लिया और उनका पीछा किया। खुद को घिरता देख बाइक सवार तेजी से भागने लगे, जिससे उनकी बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
इस हादसे में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि तीसरा साथी मौके का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। सतर्क ग्रामीणों ने दोनों घायलों को दबोच लिया और तुरंत पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई और पहचान
शोहरतगढ़ पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए 28 अक्टूबर को मुकदमा अपराध संख्या 211/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि यह गिरोह ग्रामीण इलाकों में घूम-घूमकर भोले-भाले लोगों को अपना शिकार बनाता था और उन्हें पैसे व जेवर दोगुना करने का झांसा देकर ठगी करता था। पकड़े गए आरोपियों की पहचान इस प्रकार हुई है:
करन कुमार (उम्र 35 वर्ष) पुत्र अनिरका प्रसाद, निवासी- बनटिकुला, थाना- चिलुआताल, जनपद- गोरखपुर।
सनी कुमार (उम्र 25 वर्ष) पुत्र नया प्रसाद, निवासी- जंगल जैनुलआबदीन उर्फ सेमरा, थाना- गुलरिहा, जनपद- गोरखपुर।


