📅 Published on: November 2, 2026
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर, 02 नवम्बर 2026:
जिले में संचालित सभी परिषदीय प्राथमिक, राजकीय और अशासकीय सहायता प्राप्त विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक संपन्न हुई। जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन की अध्यक्षता में आयोजित इस बैठक में विद्यालयों के सेफ्टी ऑडिट के कार्यों की समीक्षा की गई।
फेज-01 में 417 विद्यालयों का हो रहा ऑडिट
बैठक के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने जिलाधिकारी को अवगत कराया कि बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के नियंत्रणाधीन आने वाले विद्यालयों की सेफ्टी ऑडिट का कार्य तेजी से चल रहा है। प्रथम चरण (फेज-01) के तहत जिले में कुल 417 विद्यालयों को चिन्हित किया गया है। इन विद्यालयों की सुरक्षा मानकों की जांच के लिए 3 सदस्यीय टीमों का गठन किया गया है जो जमीनी स्तर पर ऑडिट का कार्य कर रही हैं।
डीएम ने दिए समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश
जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जीएन ने संबंधित अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए कि सेफ्टी ऑडिट का यह पूरा कार्य निर्धारित समयान्तर्गत पूरी पारदर्शिता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि बच्चों की सुरक्षा और विद्यालय परिसर के बुनियादी सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रमुख अधिकारी रहे मौजूद
इस उच्चस्तरीय बैठक में जिला विद्यालय निरीक्षक अरूण कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेष कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी वाचस्पति झा, लोक निर्माण विभाग (प्रांतीय खंड) के अधिशासी अभियंता कमल किशोर सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।