नेपाल के डोल्पा में भारी बर्फबारी, शे-फोक्सुंडो झील के रास्ते में फंसे छह भारतीय पर्यटक; सेना का हेलिकॉप्टर रेस्क्यू में जुटा

दो महिलाओं समेत छह पर्यटकों से शनिवार रात संपर्क टूटा, बाद में डानीगाड इलाके में मिली लोकेशन

**डोल्पा में 244 पर्यटक मौजूद:** जिला प्रशासन कार्यालय के अनुसार उपल्लो (ऊपरी) डोल्पा क्षेत्र में 244 पर्यटक हैं। इनमें 149 नेपाली, 44 सार्क देशों के और 51 अन्य विदेशी नागरिक हैं। प्रशासन ने सभी से जोखिम वाले इलाकों में न जाने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। बंगाल की खाड़ी में बने चक्रवात ‘अर्नब’ के असर से हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी जारी है। शे-फोक्सुंडो नेपाल की सबसे गहरी झील है और पर्यटकों का प्रमुख आकर्षण है।

मीडिया रिपोर्ट

काठमांडू/डोल्पा। नेपाल के डोल्पा जिले में भारी बर्फबारी के बीच दो महिलाओं समेत छह भारतीय पर्यटक शे-फोक्सुंडो झील की ओर जाते समय फंस गए। जिला प्रशासन के अनुसार सभी पर्यटक शे-फोक्सुंडो गांवपालिका के वार्ड नंबर 8 के डानीगाड क्षेत्र में हैं। उन्हें निकालने के लिए नेपाली सेना के हेलिकॉप्टर की मदद ली जा रही है।

अधिकारियों के मुताबिक पर्यटक नुमला पास और वागला पास (वार्ड 4 और 8 के बीच) के इलाके में गए थे। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में शनिवार से लगातार बर्फबारी हो रही है। इन दोनों दर्रों में मोबाइल नेटवर्क नहीं है, इसलिए शुरू में पर्यटकों की स्थिति का पता नहीं चल सका। पुलिस उपाधीक्षक अनिलराज गिरी ने बताया था कि संपर्क न होने के कारण खोज और बचाव के लिए हेलिकॉप्टर मांगा गया है।

**गाइड की चेतावनी के बावजूद आगे बढ़े:** डोल्पा की मुख्य जिला अधिकारी (सीडीओ) जुनु हमाल (धकाल) ने बताया कि पर्यटकों को खराब मौसम और रास्ते में बर्फ जमने के खतरे की जानकारी दी गई थी। सुरक्षाकर्मियों और उनके नेपाली गाइड ने भी रोका था, फिर भी वे आगे बढ़ गए। रिपोर्टों के अनुसार वे गाइड को पीछे छोड़कर निकले, जिसके बाद शनिवार रात संपर्क टूट गया। गाइड ने ही शनिवार शाम जिला प्रशासन को सूचना दी थी।

**रेस्क्यू में आई बाधा:** सेना का पहला हेलिकॉप्टर सुरखेत बेस पर तकनीकी खराबी के कारण समय पर नहीं उड़ सका। एक रिपोर्ट के अनुसार खराब मौसम की वजह से एक हेलिकॉप्टर को बिना उतरे लौटना भी पड़ा। बाद में हेलिकॉप्टर से रेस्क्यू शुरू होने की खबरें आईं। रेस्क्यू का खर्च नेपाल के आपदा प्रबंधन कोष से उठाया जाएगा।