📅 Published on: November 13, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर | 13 नवंबर 2026
विकास खंड लोटन के अंतर्गत कूड़ा नदी में लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में दो युवकों की डूबने से मौत हो गई है। घटना के दो दिन बाद, एनडीआरएफ (NDRF) की टीम और स्थानीय गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद आज दोनों युवकों के शव नदी से बरामद कर लिए गए। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है।
क्या थी पूरी घटना?
दो दिन पूर्व 11 नवंबर को ग्रामीण इलाकों में लक्ष्मी मूर्ति विसर्जन का कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान विकास खंड लोटन के बेल्टीकर गांव के गौतम पुत्र हेमंत और आदित्य पुत्र लखीचंद उर्फ बबलू कूड़ा नदी में मूर्ति विसर्जन के समय गहरे पानी में चले गए और डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और राहत बचाव दल हरकत में आ गया।
एनडीआरएफ और गोताखोरों का रेस्क्यू ऑपरेशन
घटना के बाद से ही लगातार खोजबीन जारी थी। आज एनडीआरएफ की विशेष टीम और स्थानीय गोताखोरों ने अपनी कड़ी मेहनत और सूझबूझ से नदी के उस हिस्से से दोनों युवकों के शवों को ढूंढ निकाला। शवों के मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया और मौके पर मौजूद ग्रामीणों की आंखें नम हो गईं।
जिलाधिकारी और स्थानीय विधायक ने किया घटनास्थल का निरीक्षण
घटना की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी श्री शिवशरणप्पा जी एन और कपिलवस्तु के माननीय विधायक श्री श्याम धनी राही ने आज घटनास्थल का दौरा किया और स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात की, उन्हें ढांढस बंधाया और सरकार एवं प्रशासन की ओर से हरसंभव मदद दिलाने का पूरा भरोसा दिया। विधायक ने भी इस दुखद घड़ी में शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी नौगढ़ निखिल चक्रवर्ती, क्षेत्राधिकारी नौगढ़ विश्वजीत सौरयान सहित अन्य संबंधित अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। प्रशासन ने नदी के आसपास के इलाकों में सुरक्षा और सावधानी बरतने की अपील की है।