📅 Published on: November 16, 2026
निजाम अंसारी
सिद्धार्थनगर: लोक आस्था के महापर्व छठ पर जिले के प्रमुख कस्बों से लेकर ग्रामीण अंचलों तक श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत उल्लास छाया रहा। डुमरियागंज, बांसी, इटवा, शोहरतगढ़, बढ़नी, उसका बाजार, बर्डपुर, लोटन और कपिलवस्तु सहित विभिन्न क्षेत्रों में बने छठ घाटों पर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। पारंपरिक वेशभूषा में सजी महिलाओं ने परिवार के सदस्यों के साथ विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया।
इस पावन अवसर पर भाजपा नेता सिद्धार्थ चौधरी ने शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले विभिन्न छठ घाटों का सघन दौरा किया। उन्होंने घाटों पर पहुंचकर व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं का उत्साहवर्धन किया तथा क्षेत्र के वरिष्ठ बुजुर्गों का चरण स्पर्श कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।
घाटों पर मेले जैसा माहौल और प्रशासनिक चौकसी
शोहरतगढ़ कस्बे के आदर्श शिवबाबा मंदिर पोखरा छठ घाट सहित विभिन्न ग्रामीण और शहरी घाटों पर छठी मैया की आकर्षक सजावट और झांकियां सजाई गई थीं। इसी प्रकार बांसी के राप्ती नदी तट स्थित रानी मोहभक्त लक्ष्मी स्नान घाट, जमुआर घाट, कपिलवस्तु के बर्डपुर बाजार स्थित घाट तथा तुलसियापुर के गड़ाकुल, छतहरी, बानगंगा नदी बैराज और परसा व पड़रिया के पोखरों पर भी भारी जनसैलाब उमड़ा। पारंपरिक छठ गीतों से पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।
“लोक आस्था का यह पर्व हमारी समृद्ध संस्कृति का प्रतीक है” – सिद्धार्थ चौधरी
विभिन्न छठ घाटों का दौरा करने के बाद भाजपा नेता सिद्धार्थ चौधरी ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा: लोक आस्था का यह महापर्व हमारी प्राचीन सनातन संस्कृति, अनुशासन और प्रकृति के प्रति अटूट प्रेम का जीवंत प्रतीक है। शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न घाटों पर जिस प्रकार से माताएं और बहनें पूरी निष्ठा के साथ अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य दे रही हैं, वह अलौकिक है। मैं सभी क्षेत्रवासियों को छठ महापर्व की हार्दिक शुभकामनाएं देता हूँ और छठी मैया से प्रार्थना करता हूँ कि वे सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि का संचार करें।”
चार दिवसीय इस अनुष्ठान के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम रहे, जहां स्थानीय प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस बल और गणमान्य लोग लगातार घाटों पर मुस्तैद नजर आए।