कल मंगलवार को शोहरतगढ़ में पहली बार होगा मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन, कल 115 बेटियों के हाथ होंगे पीले; प्रशासनिक अमले के साथ तैयारियों का लिया गया जायजा

चिल्हिया स्थित जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज में जुटेंगे सभी धर्मों और वर्गों के परिवार, धार्मिक रीति-रिवाजों से संपन्न होंगे विवाह; व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने के सख्त निर्देश

निजाम अंसारी

शोहरतगढ़ (सिद्धार्थनगर): शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र के लिए कल यानी 17 नवंबर का दिन ऐतिहासिक होने जा रहा है। क्षेत्र में पहली बार ‘मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम’ का भव्य आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 115 बेटियां एवं बहनें परिणय सूत्र में बंधेंगी। सोमवार को चिल्हिया स्थित जनता विद्या मंदिर इंटर कॉलेज परिसर में कार्यक्रम की तैयारियों का मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) बलराम सिंह व अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के साथ स्थलीय निरीक्षण कर जायजा लिया गया।

सभी धर्मों और वर्गों की बेटियों का होगा सम्मान आयोजन की जानकारी देते हुए बताया गया कि विशेष प्रयासों से पहली बार शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र को इस पुनीत कार्यक्रम की मेजबानी मिली है। इस मांगलिक समारोह की सबसे खास बात यह है कि इसमें बिना किसी भेदभाव के सभी वर्गों, जातियों और धर्मों की कुल 115 बेटियों का विवाह उनकी अपनी धार्मिक परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार पूरे सम्मान के साथ संपन्न कराया जाएगा।

अतिथियों की सुविधा और व्यवस्था पर विशेष जोर निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आयोजन भव्य होने के साथ-साथ पूरी तरह सुव्यवस्थित होना चाहिए। नवविवाहित जोड़ों और उनके परिजनों के स्वागत, बैठने, भोजन और अन्य आवश्यक सुविधाओं का ऐसा प्रबंध किया जाए कि किसी भी परिवार को कहीं कोई असुविधा न हो। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर परिवार को अपनत्व का एहसास हो और उन्हें लगे कि इस खुशी के अवसर पर पूरा शोहरतगढ़ परिवार उनके साथ खड़ा है।

निरीक्षण में ये अधिकारी रहे मौजूद तैयारियों का जायजा लेने के दौरान सीडीओ बलराम सिंह के साथ समाज कल्याण अधिकारी महिपाल सिंह, डीसी मनरेगा संदीप सिंह, एसडीएम शोहरतगढ़ रवीश कुमार गुप्ता, सीओ मयंक द्विवेदी, पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड के अधिशासी अभियंता कमल किशोर सहित कई अन्य विभागों के संबंधित अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। सभी को समय से पूर्व अपनी-अपनी जिम्मेदारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।

आयोजन की पूर्व संध्या पर सभी 115 बेटियों को उनके सुखद, समृद्ध और खुशहाल दांपत्य जीवन के लिए मंगलकामनाएं देते हुए कहा गया कि बेटियों के चेहरे पर मुस्कान और उनके परिजनों के मन में संतोष ही इस पूरे आयोजन की सबसे बड़ी सफलता होगी।