डीआईजी संजीव त्यागी ने शोहरतगढ़ थाने का किया औचक निरीक्षण, लंबित विवेचनाओं के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने शनिवार को थाना शोहरतगढ़ का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने के विभिन्न कार्यालयों, अभिलेखों और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

अभिलेखों और परिसर की व्यवस्थाओं की परख

निरीक्षण के दौरान डीआईजी संजीव त्यागी ने थाना कार्यालय, मालखाना, साइबर हेल्पडेस्क, सीसीटीएनएस कार्यालय, बंदी गृह, मिशन शक्ति केंद्र और आगंतुक कक्ष सहित पूरे थाना परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने थाना कार्यालय के अभिलेखों की जांच कर सभी प्रविष्टियों को अद्यतन रखने तथा कार्यालय व थाना परिसर में प्रतिदिन नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।

ऑपरेशन क्लीन और गिरफ्तारी में तेजी लाने के निर्देश

डीआईजी ने लंबित विवेचनाओं का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने तथा वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी में तेजी लाने को कहा। साथ ही थाना परिसर में खड़े माल मुकदमाती और लावारिस वाहनों के निस्तारण के लिए ‘ऑपरेशन क्लीन’ के तहत प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने थाना प्रभारी को पुलिस कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और अनुशासन बनाए रखते हुए जनसुविधा व व्यवस्थाओं को और बेहतर करने पर जोर दिया।

इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर प्रशांत कुमार प्रसाद, क्षेत्राधिकारी शोहरतगढ़ मयंक द्विवेदी, क्षेत्राधिकारी डुमरियागंज बृजेश कुमार वर्मा, प्रभारी निरीक्षक शोहरतगढ़ अरविंद कुमार शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।