📅 Published on: November 28, 2026
Kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: डुमरियागंज थाना क्षेत्र के शाहपुर-सिंगारजोत मार्ग पर हिजुरा गांव के पास एक अज्ञात वाहन ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक की पहचान त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के उजैनियां गांव निवासी 19 वर्षीय राजेश चौरसिया पुत्र विश्राम चौरसिया के रूप में हुई है। वहीं, बाइक चला रहे उजैनियां गांव के ही 19 वर्षीय शिवम चौरसिया पुत्र वंशीलाल चौरसिया की हालत नाजुक बनी हुई है।
जानकारी के अनुसार, दोनों युवक अपाचे बाइक से किसी काम के सिलसिले में मन्नीजोत चौराहे पर गए थे। काम निपटाकर वे वापस अपने गांव उजैनियां लौट रहे थे। इसी दौरान हिजुरा गांव के पास सामने या पीछे से आ रहे किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों की मदद से दोनों घायलों को 108 एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिरसिया पहुंचाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक डॉ. एलबी यादव ने जांच के बाद राजेश चौरसिया को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल शिवम को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरियागंज पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज सत्य प्रकाश सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भर दिया है और पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई की जा रही है। हादसा करने वाले अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। उधर, युवक की मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया है।