सिद्धार्थनगर: मेड़ से आने-जाने के विवाद में महिला व परिजनों से मारपीट, पांच लोग घायल; चार पर केस दर्ज

Kapilvastupost

इटवा – त्रिलोकपुर थाना क्षेत्र के मधुकरपुर चौबे गांव में गुरुवार को मेड़ से आने-जाने को लेकर हुए विवाद में एक महिला और बीच-बचाव करने पहुंचे परिजनों के साथ मारपीट की गई। इस घटना में पांच लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लाठी-डंडों से पीटने और धमकी देने का आरोप

पुलिस को दी गई तहरीर में पीड़ित रामकुमार ने बताया कि गुरुवार को मेड़ से आने-जाने की बात को लेकर गांव के ही शिवकुमार, उमेश, रामफेर और सुभाष ने उनकी पत्नी सोहरता के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। आरोप है कि विरोध करने पर चारों ने लाठी-डंडों से महिला को पीटना शुरू कर दिया।

बीच-बचाव में पहुंचे परिजन भी घायल

शोर सुनकर खुशबू, रिंका, साधना, प्रियंका और रामकुमार के पिता सियाराम मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव करने लगे। आरोप है कि आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की, जिससे इन लोगों को चोटें आईं। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित के अनुसार, मारपीट के दौरान पत्नी और बेटी खुशबू की नाक की कील तथा एक मोबाइल भी गिर गया।

बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज

पीड़ित रामकुमार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष त्रिलोकपुर अनूप कुमार मिश्र ने बताया कि शिवकुमार, उमेश, रामफेर और सुभाष के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है।