📅 Published on: April 6, 2024
kapilvastupost
डुमरियागंज, सिद्धार्थनगर। डुमरियागंज थाना क्षेत्र अंतर्गत पचऊथ चौराहे पर गुरूवार की रात लगभग 8 बजे करीब 25 वर्षीय एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे मृतका के पिता ने पति के साथ परिजनों पर हत्या का आरोप लगाते हुए डुमरियागंज पुलिस को तहरीर देकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है। मौके पर पहुंची डुमरियागंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वहीं मृतका के पति और ससुर को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी है। डुमरियागंज सास- पुलिस थाना क्षेत्र के पचऊथ चौराहा निवासी दिलीप अग्रहरी का विवाह लगभग छ वर्ष पूर्व इटवा थाना क्षेत्र के ग्राम धोबहा निवासी योगेंद्र प्रसाद की पुत्री सीमा (25 वर्ष) से हुई थी।
गुरुवार को अपने व्यापार के सिलसिले में पति बाहर गया हुआ था। घर पर माता-पिता, पत्नी के साथ दो छोटे भाई और एक बहन थे, जो घर के बरामदे में थे और सीमा खाना बना रही थी। काफी देर तक जब सीमा खाने के लिए नहीं बुलाई तो सास मंजू अंदर गई तो सीमा का कमरा अंदर से बंद था।
शक होने पर सास ने अपने पति राम कुमार को बताया। तुरंत राम कुमार ने फोन पर अपने बेटे व सीमा के पिता योगेंद्र प्रसाद को सूचना दिया। मौके पर पहुंचे पिता योगेंद्र प्रसाद ने घटना की जानकारी लोगो से प्राप्त की।
फिर शुक्रवार को डुमरियागंज पुलिस को तहरीर देकर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दिए अपने तहरीर में योगेंद्र प्रसाद ने बताया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज में गाड़ी के लिए प्रताड़ित करते हुए ससुराल वाले आयेदिन मारपीट करते थे।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं पति दिलीप, सास मंजू और ससुर राम कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। मृतका अपने पीछे एक वर्ष की मासूम अनन्या व चार वर्ष के बेटे जय को छोड़ गई है।
इस बारे में प्रभारी निरीक्षक डुमरियागंज मुकेश राय ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।