रायबरेली। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने रायबरेली में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पांच किलो राशन से युवा आत्मनिर्भर नहीं बन सकते हैं। उन्हें रोजगार की जरूरत है।
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाडा रायबरेली से प्रत्याशी अपने भाई राहुल गांधी के लिए जमकर प्रचार कर रही हैं। वो लगातार नुक्कड़ सभाएं कर जनता को संबोधित कर रही हैं।
बृहस्पतिवार को एक सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि पांच किलो राशन से आपका भविष्य नहीं बनने वाला है। मिल रहा है ये अच्छी बात है। आपको वो सरकार चाहिए जो कि रोजगार दे। जब आपके पास रोजगार होगा तो आप खुद ही आत्मनिर्भर बनेंगे। पांच किलो राशन से आपका भविष्य नहीं बदलने वाला है। जो राजनीतिक दल आपको सिर्फ राशन देने तक ही सीमित कर दे रहा है उसकी नीति ठीक नहीं है।
राजनीतिक जागरुकता की दिलाई याद
प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली में एक राजनीतिक जागरुकता की परंपरा रही है। यहां के किसानों ने 103 साल पहले एक आंदोलन किया था जिसमें पंडित जवाहर लाल नेहरू भी शामिल हुए थे और किसानों के साथ गिरफ्तार हुए थे। प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली की जनता ने नेताओं को दंडित भी किया।
इंदिरा गांधी को भी हरा दिया लेकिन इंदिरा जी ने हमेशा ही आपका आदर किया और जनता की बात सुनी। आज की सरकार सवाल पूछने वालों का मुंह बंद कर देती है। उद्योगपतियों का कर्ज माफ करती है पर किसानों की बात नहीं सुनती है।
मेरी दादी और पिता ने देश के लिए शहादत दी है, मैं अपनेपरिवार पर क्यों ना गर्व करूं
प्रियंका गांधी ने सदर विधानसभा क्षेत्र में चुनाव प्रचार किया। इस दौरान प्रियंका ने भाजपा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला किया। शहीद स्मारक पर मीडिया से बातचीत के दौरान प्रियंका ने कहा कि भाजपा कहती है कि मैं परिवार के शहीदों के नाम पर वोट मांग रही हूं।
मैं उनसे पूछती हूं कि मैं अपने परिवार पर क्यों न गर्व करूं। क्यों मैं चुप रहूं। मेरी दादी इंदिरा गांधी और पिता राजीव गांधी ने देश के लिए शहादत दी है।
मैं क्यों उनकी बात न करूं। उन्होंने इस दौरान अंबानी अडानी का नाम न लिए जाने के सवाल का जवाब देते हुए कहा, लगातार उनका नाम लिया जा रहा है। राहुल जी रोज उनका नाम ले रहे हैं। काग्रेसी मैनिफेस्टो को लेकर भाजपा के आरोपों का जवाब देते हुए प्रियंका ने कहा कि मोदी को उसे पढ़ना चाहिए।
प्रियंका ने अमेठी में स्मृति ईरानी के उस सवाल का जवाब दिया जिसमें उन्होंने कहा था कि काग्रेस मुद्दों पर चुनाव नहीं लड़ रही है। प्रियंका ने कहा कि यह तो उल्टी बात है। हम तो महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर ही चुनाव लड़ रहे हैं।
उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी के उस बयान का भी खंडन किया, जिसमें उन्होंने कहा था कि कांग्रेस आई तो राम मंदिर का फैसला पलट देगी। इस पर कहा कि कांग्रेस ने बहुत बार कहा है कि जो भी निर्णय आएगा, उसका पालन करेंगे और कर रहे हैं। राम मंदिर का फैसला बदल देने की बात बिल्कुल झूठ है। एजेंसी