सिद्धार्थ नगर – मनरेगा में फर्जीवाड़े का खेल बिना काम 55 मजदूरों की लगी हाजिरी

👉मनरेगा के तहत मजदूरों की जगह जेसीबी से हुई खुदाई

👉सेक्रेटरी अंकित कुमार शुक्ला ने अनभिज्ञता जाहिर किया उसके बाद मशीन हो गयी बन्द

👉10 दिनों में पहले दिन काम करने वालों में दो नाबालिग बच्चे भी शामिल

D K SRIVASTAV

सिद्धार्थनगर। विकास खण्ड बर्डपुर में इन दिनों मनरेगा का कार्य सुर्खियां बटोर रहा है। विभागीय पोर्टल पर मजदूरों का काम करते फर्जी फोटो लगाकर मस्टररोल भरा जा रहा है जबकि धरातल पर एक भी मजदूर कार्य नहीं करते और सैकड़ो मजदूरों की हाजिरी चलती रहती है।

ताज़ा मामला विकास खण्ड बर्डपुर के ग्राम पंचायत बरगदी का प्रकाश में आया है। इसकी चर्चा क्षेत्र में जोर शोर से हो रही है।

ग्राम पंचायत बरगदी के टोला अहिरौली गाँव में महेश के घर के पास पोखरे की खुदाई का कार्य 14 मई मंगलवार शाम तक ज़रा सा भी नहीं हुआ है, पोखरा जस का तस बना हुआ है।

मनरेगा के तहत इस पोखरे पर 6 से 13 मई तक 55 मजदूरों की आन लाइन मॉनिटरिंग फर्जी फोटो से की गई है जबकि हकीकत में मौके पर 14 मई तक एक भी मजदूर ने इस पोखरे पर काम नहीं किया है।

बुद्धवार 15 मई को दो मजदूर और दो नाबालिग बच्चे काम करने के लिए पहुँचे जिनसे बात करने पर मीरा देवी ने बताया कि अभी तक काम नहीं हुआ था, आज पहली बार काम करने आए हैं और हम लोग 4 लोग हैं।

विजय चौधरी ने बताया कि आज से काम चालू हुआ है आज पहला दिन है इससे पहले कोई काम यहाँ पोखरे पर नहीं हुआ है। वहीं काम करने आई 14 वर्षीय नाबालिग बच्ची रेखा ने बताया कि वह भी काम करने आई है और आज पहला दिन है।

दूसरे नाबालिग 16 वर्षीय लड़के सिकन्दर ने बताया कि वह भी आज काम करने आया है आज पहला दिन है अभी तक इस पोखरे पर कोई काम नही हुआ था।

इस सबन्ध मे बीडीओ बर्डपुर का कहना है कि जांच कर कार्यवाही की जाएगी। मनरेगा के तहत मजदूरों की जगह बृहस्पतिवार की रात पोखरे में जेसीबी से खुदाई करवाई जा रही थी।

इस सम्बंध में पंचायत सचिव अंकित कुमार शुक्ला से बात करने पर उन्होंने अनभिज्ञता जाहिर किया और सुबह ग्राम प्रधान से बात करके वस्तुस्थिति से अवगत कराने की बात कही।

इसके थोड़ी ही देर बाद पोखरे पर जेसीबी से चल रही खुदाई बन्द करके मशीन हटा दी गयी।