सिद्धार्थ नगर – शोहरतगढ़ विधानसभा में जून के महीने में बिजली की आंख मिचौली से आम आदमी परेशान – विधायक विनय वर्मा ने करी शिकायत

kapilvastupost 

जून के महीने में शोहरतगढ़ विधानसभा क्षेत्र में बिजली की आंख मिचौली ने आम आदमी की जिंदगी को कठिन बना दिया है। लगातार बिजली कटौती और अनियमित सप्लाई ने लोगों को भारी परेशानियों में डाल दिया है। यह समस्या न केवल दैनिक जीवन को प्रभावित कर रही है, बल्कि व्यापार, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को भी बाधित कर रही है।

लगातार बिजली कटौती से घरों में पंखे, कूलर और एसी बंद रहते हैं, जिससे भीषण गर्मी में लोगों का जीवन दुश्वार हो गया है। खाना पकाने, पानी की पंपिंग और अन्य घरेलू कार्यों में भी बाधा उत्पन्न हो रही है|

वहीं बिजली की अनियमितता से छोटे और बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान हो रहा है। उद्योगों में उत्पादन प्रभावित हो रहा है, जिससे आर्थिक नुकसान हो रहा है और मजदूरों की रोजी-रोटी पर भी असर पड़ रहा है।

दूसरी तरफ ऑनलाइन क्लासेज और परीक्षाओं की तैयारी में लगे छात्रों को बिजली कटौती के कारण भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। कंप्यूटर और इंटरनेट के बिना उनकी पढ़ाई बाधित हो रही है।

अस्पतालों और क्लीनिकों में बिजली कटौती से स्वास्थ्य सेवाओं पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। आवश्यक उपकरण और जीवनरक्षक मशीनें बिना बिजली के चलाना मुश्किल हो रहा है, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। इस भयंकर गर्मी में डॉक्टर और मरीज दोनों ही बिलबिला रहे हैं |

जून महीने की भयंकर बिजली कटौती को देखते हुवे शोहरतगढ़ के लोकप्रिय विधायक विनय वर्मा ने प्रबंध निदेशक पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड बनारस से कहा मौजूदा समय में जब नौतपा का प्रकोप पूरे प्रदेश में चल रहा है तो जनमानस के राहत का एकमात्र साधन बिजली ही है।

भीषण गर्मी की वजह से लोग दिन में अपने रोजमर्रा के कामों को नहीं कर पा रहे हैं और रात में बिजली कटने से सो भी नहीं पा रहे हैं। क्षेत्र के देवतुल्य जनता जनार्दन की देखभाल की जिम्मेदारी एक विधायक व जनप्रतिनिधि होने के कारण हमारी है।

इसलिए आपसे अपेक्षा है कि हमारे विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ में दिन व रात के समय विद्युत कटौती न हो, इसके लिए आप अपने अधीनस्थ अधिकारियों को तत्काल निर्देशित करके हमें भी सूचित करें।यहाँ तक की आपकी बातों को भी हमारे विधानसभा के अधिकारी दरकिनार किये हुए हैं।

आपको बताना चाहता हूँ कि आपके निचले अधिकारियों जेई एई और एक्सएन की अवहेलना के कारण हम जनप्रतिनिधियों को खरी-खोटी सुनना पड़ता है। ये दूसरी बार पत्र लिख रहा हूँ।

इसके अलावा आपसे यह भी अपेक्षा है कि हमारे विधानसभा क्षेत्र शोहरतगढ़ में तैनात पीवीवीएनएल के एई व जेई को निर्देशित करें कि वह जनता का फोन रिसीव करें एवं उनकी समस्याओं को सुने, जिससे क्षेत्र में विद्युत से संबंधित समस्या का शीघ्र समाधान हो सके।

अन्यथा मैं इसकी शिकायत शासन स्तर पर माननीय मंत्री श्री ए.के. शर्मा जी से करने को बाध्य हो जाऊँगा। माननीय मुख्यमंत्री जी के हाल में अधिकारियों को दिये गये आदेशों का अनुपालन सुनिश्चित करना आप सभी की ज़िम्मेदारी है।