📅 Published on: September 14, 2024
Kapilvastupost
अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष जूही सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल शुक्रवार को एंबुलेंस में छेड़छाड़ की शिकार महिला से बांसी के गोन्हा स्थित आवास पर मिला।
इस दौरान जूही सिंह ने कहा कि पीड़ित के बच्चों की पढ़ाई का खर्च, आर्थिक सहायता देने के साथ परिवार को न्याय दिलाने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए समाजवादी पार्टी हर संघर्ष के लिए तैयार है।
यह घटना मानवता को शर्मसार करने वाली है। भाजपा सरकार अन्याई, निष्ठुर और क्रूर है।
सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर बांसी पहुंची जूही सिंह ने कहा कि भाजपा जनविरोधी सरकार है, इसे हटाना होगा।
प्रदेश में दलितों पिछड़ों और महिलाओं पर अत्याचार के घटनाओं की बाढ़ सी आ गई है। कानून व्यवस्था के नाम पर यह सरकार पूरी तरह से विफल है।
भाजपा सरकार में अपराधियों को सत्ता का संरक्षण प्राप्त है। इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी इस जघन्य कांड के अपराधी को पुलिस पकड़ नहीं पा रही है और उसे कोर्ट में पुलिस के संरक्षण में सरेंडर कराया जा रहा है।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने तक समाजवादी पार्टी का संघर्ष जारी रहेगा। प्रतिनिधिमंडल राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को अपनी रिपोर्ट देगा।
प्रतिनिधिमंडल में लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद सांसद संत कबीर नगर, सैय्यदा खातून विधायक डुमरियागंज, लालजी यादव जिलाध्यक्ष समाजवादी पार्टी, चमन आरा रायनी राष्ट्रीय महासचिव महिला सभा, नवीन कुमार उर्फ मोनू दुबे पूर्व प्रत्याशी बांसी, कमाल अहमद खान सदस्य प्रदेश कार्यसमिति, मणीन्द्र मिश्रा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिक्षक सभा, विनोद यादव विधानसभा अध्यक्ष बांसी, सुनीता गोस्वामी जिलाध्यक्ष महिला सभा शामिल रहे। इस दौरान मो. इदरीश पटवारी, बहरइची प्रसाद प्रेमी, श्याम जी विश्वकर्मा, तौलेश्वर निषाद, अब्दुल कलाम सिद्दीकी, रामसेवक लोधी आदि शामिल रहे।