पुलिस छावनी में बदला बढ़नी कस्बा पुलिस के बूटों की आवाज के सिवा कुछ नहीं

बढ़नी में दुष्कर्म के आरोपी को फांसी और घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर कुछ अराजक तत्वों ने भीड़ का फायदा उठाने की करी कोशिश जबरदस्ती दुकानें बंद करवाने से तनावपूर्ण हालात

Kapilvastupost

सिद्धार्थनगर। ढेबरुआ थाना क्षेत्र के नगर पंचायत बढ़नी में दुष्कर्म के आरोपी निसार कुरैशी को फांसी देने और उसके मकान को बुलडोजर से गिराने की मांग को लेकर रविवार सुबह लगभग 10 बजे बढ़नी के मालगोदाम तिराहे पर बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हुए और थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपते हुए आरोपी के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई की मांग की।

लोगों ने निसार कुरैशी को फांसी की सजा और उसके मकान को ध्वस्त करने की मांग को प्रमुखता से उठाया।

घटनाक्रम के दौरान, साढ़े दस बजे के आस पास काफी संख्या में प्रदर्शनकारी नगर की सभी दुकानों को जबरन बंद करवाने लगे। इसी बीच, एक मुस्लिम समुदाय की दुकान खुली होने पर दोनों समुदायों के लोगों के बीच झड़प हो गई।

झड़प के चलते नगर का माहौल बिगड़ने लगा और तनाव तेजी से फैल गया। इस बीच, कुछ अराजक तत्वों ने स्थिति का फायदा उठाकर माहौल को और खराब करने की कोशिश की।

स्थिति बिगड़ती देख, बढ़नी चौकी इंचार्ज सभाशंकर यादव और थानाध्यक्ष ढेबरुआ संतोष कुमार सिंह ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभालने का प्रयास किया।

हालात अधिक तनावपूर्ण होते देख प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की। थाना शोहरतगढ़, चिल्हिया, और कठेला सहित आधा दर्जन थानों की पुलिस टीमें भी तत्काल मौके पर पहुंचीं।

एसडीएम शोहरतगढ़ चंद्रभान सिंह सीओ शोहरतगढ़ अरुणकांत सिंह, एडिशनल एसपी सिद्धार्थ,और कुछ देर बाद एडीएम उमाशंकर भी मौके पर पहुंचे।

एसडीएम शोहरतगढ़ चंद्रभान सिंह ने माइक से घोषणा कर लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने लोगों को यह भी निर्देश दिया कि अगर किसी के घर में कोई बाहरी व्यक्ति छिपा हो, तो उसे तुरंत बाहर निकाला जाए।

नगर के मालगोदाम रोड पर ही किसी घर के पास पथराव की सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और भीड़ को खदेड़ते हुए तितर-बितर कर दिया।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक घर से चार लोगों को गिरफ्तार कर थाने ले गई। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि जिन लोगों ने वास्तव में उपद्रव किया, वे अब भी गिरफ्त से बाहर हैं, और जिन लोगों को पकड़ कर ले जाया गया है वो सभी अपने घर में ही थे ।

घटना के बाद पूरे नगर में कर्फ्यू जैसा माहौल बन गया है। पुलिस और पीएसी बल की तैनाती हर पूरे नगर में और कुछ गलियों में कर दी गई है। लोग अपने-अपने घरों में कैद हैं, और बाजार पूरी तरह से बंद है। प्रशासन लगातार शांति बनाए रखने के प्रयास में जुटा है और उपद्रवियों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, स्थिति अभी भी तनावपूर्ण बनी हुई है, लेकिन पुलिस की मुस्तैदी से हालात नियंत्रण में हैं।

प्रशासन ने नगरवासियों से अपील की है कि वे शांति बनाए रखें और किसी भी तरह की अफवाहों से बचें। एडीएम,एसडीएम, एडिशनल एसपी,और अन्य अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, और जो भी माहौल बिगाड़ने की कोशिश करेगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा।