सिद्धार्थ नगर – बीइओ बर्डपुर प्रकरण में बीएसए ने शिक्षकों का पक्ष सुना, कार्रवाई का दिया आश्वासन

सरताज आलम

जिले के विकास क्षेत्र बर्डपुर के परिषदीय शिक्षकों द्वारा खण्ड शिक्षा अधिकारी बर्डपुर के विरुद्ध किये गयें शिकायत के क्रम में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने शनिवार की देर सायं शिक्षकों व उनके प्रतिनिधियों के साथ बैठक कर पक्ष सुना और प्रकरण में नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन भी दिया।

विकास खण्ड के 84 शिक्षकों द्वारा हस्ताक्षरित शिकायती पत्र में आरोप लगाया गया है क़ि जिलाधिकारी द्वारा जारी एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) के अनुसार सभी शिक्षक कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं, फिर भी बीइओ द्वारा निरीक्षण में एसओपी का धौंस दिखाकर शिक्षकों को नोटिस का भय दिखाकर धनादोहन किया जा रहा है।

इससे सभी शिक्षक मानसिक तनाव में हैं। बीइओ द्वारा मनमाने तरीके से विद्यालय में कमी दिखाकर 20 से अधिक बिन्दुओं पर स्पष्टीकरण मांगा जाता है। वहीं यह आरोप है क़ि बीइओ की महिला व अन्य शिक्षकों के प्रति भाषा शैली भी अमर्यादित रहती है। बैठक में शिकायत के सापेक्ष साक्ष्य भी प्रस्तुत किया गया और बीइओ अरुण कुमार को अन्यत्र स्थानान्तरित करने की मांग की गयीं।

बीएसए देवेन्द्र कुमार पाण्डेय ने कहा क़ि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जायेगी। बैठक में उ0प्र0 प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष राधेरमण त्रिपाठी सहित शैलेन्द्र मिश्र, मोहिउद्दीन, विजय चौधरी, शमशुल हक, रुपेश सिंह, अभय श्रीवास्तव, इन्द्रसेन सिंह, सुधाकर मिश्र, जूनियर शिक्षक संघ के अध्यक्ष रमेश मिश्र, कलीमुल्लाह आदि मौजूद रहें।