राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी एवं एनसीसी कैडेट गायत्री ने यूपी बोर्ड परीक्षा में 92% अंक हासिल कर बढ़ाया बढ़नी का मान

रमेश कुमार 

बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
गांधी आदर्श इंटर कॉलेज, बढ़नी की होनहार छात्रा, राष्ट्रीय वॉलीबाल खिलाड़ी और एनसीसी कैडेट कुमारी गायत्री ने यूपी बोर्ड प्रयागराज की हाईस्कूल परीक्षा (कक्षा 10) में लगभग 92 प्रतिशत अंक प्राप्त कर बढ़नी नगर और सिद्धार्थनगर जिले का नाम रोशन किया है। गायत्री की इस उल्लेखनीय उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है।

गायत्री मिल कॉलोनी, मुड़िला, नगर पंचायत बढ़नी की निवासी हैं। उनके पिता इलेक्ट्रिशियन के रूप में कार्यरत हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने वाली गायत्री ने कठिन परिश्रम, खेल और पढ़ाई के बीच संतुलन बनाकर यह शानदार सफलता हासिल की है। पढ़ाई के साथ-साथ खेल में भी उनका प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है, जिसके चलते वे राष्ट्रीय स्तर पर वॉलीबाल में भी अपना परचम लहरा चुकी हैं।


गायत्री की उपलब्धि पर गांधी आदर्श इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य विजय वर्मा  और शिक्षकों ने गायत्री को इस असाधारण सफलता के लिए बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। विद्यालय के अन्य छात्रों के लिए भी गायत्री प्रेरणा का स्रोत बन गई हैं।

गायत्री की सफलता पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी बधाई प्रेषित की। विधायक विनय वर्मा ने गायत्री को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गायत्री जैसे होनहार युवा ही सिद्धार्थनगर को नई ऊंचाइयों पर ले जाएंगे।

नगर पंचायत अध्यक्ष बढ़नी सुनील अग्रहरि ने भी गायत्री के जज्बे और संघर्ष को सराहा और भविष्य में और भी बड़ी उपलब्धियों की कामना की।

गायत्री ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और नियमित अभ्यास को दिया। उन्होंने कहा कि सपनों को पूरा करने के लिए मेहनत, अनुशासन और आत्मविश्वास जरूरी है।