📅 Published on: April 28, 2025
नियमतुल्लाह खान
सिद्धार्थनगर: जिले के चिल्हिया थाना क्षेत्र अंतर्गत रोशनजोत गांव में भू-माफिया के हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि अब वे ना सिर्फ निजी जमीनों पर कब्जा करने से बाज आ रहे हैं, बल्कि ग्राम समाज के रास्तों को भी जबरन बंद कर आम नागरिकों के अधिकारों का खुलेआम हनन कर रहे हैं।
गांव निवासी इसरार अहमद ने गंभीर आरोप लगाते हुए बताया कि उनके पड़ोसी दबंग तत्वों द्वारा उनकी निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश की जा रही है। पीड़ित के अनुसार, विरोध करने पर दबंगों ने एकयूट्यूब चैनल का सहारा लेकर उन पर झूठे आरोप लगाए और जान से मारने की धमकी दी।
इसरार अहमद का कहना है कि उनके रास्ते को अवरुद्ध किया गया है और जमीन की सरकारी पैमाइश के बाद लगाए गए पिलर तक उखाड़ फेंके गए हैं, फिर भी अवैध अतिक्रमण का सिलसिला नहीं रुका है।
पीड़ित ने प्रशासन से मांग करते हुए कहा, हम शासन-प्रशासन से आग्रह करते हैं कि निष्पक्ष जांच कराते हुए दबंग भू-माफियाओं पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाए और हमें न्याय दिलाया जाए।
सवाल उठता है कि जब सरकार ‘भू-माफिया मुक्त अभियान’ चला रही है, तो फिर जमीनी हकीकत में ऐसे दबंगों के हौसले क्यों बुलंद हैं? किसकी शह पर नियम-कानून ताक पर रखे जा रहे हैं और गरीबों, आम नागरिकों का जीना दूभर किया जा रहा है?
तहसील प्रशासन को चाहिए कि इस प्रकरण में त्वरित संज्ञान लेते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए, ताकि रोशनजोत जैसे गांवों में कानून का भय बना रहे और पीड़ितों को उनका हक तथा न्याय मिल सके।
भू-माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई अब टालने का नहीं, बल्कि कठोर कदम उठाने का समय है। प्रशासन यदि अब भी निष्क्रिय रहा, तो आम जनता का भरोसा व्यवस्था पर से उठ जाएगा।