📅 Published on: May 1, 2025
kapilvastupost
सिद्धार्थनगर: नगर पंचायत बिस्कोहर के वार्ड नंबर 03 शक्ति नगर भरौली स्थित कम्पोजिट पूर्व माध्यमिक विद्यालय, भरौली कैथवलिया में मंगलवार को एक पुस्तक वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में नगर पंचायत बिस्कोहर के चेयरमैन अजय गुप्ता शामिल हुए। उन्होंने विद्यालय के कक्षा 6, 7 और 8 के विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया। बच्चों ने जब नई किताबें हाथ में लीं तो उनके चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती की वंदना और उनके चित्र पर पुष्प अर्पण कर की गई। इस मौके पर विद्यालय स्टाफ व बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए, जिससे वातावरण और भी उत्साहित हो गया।
चेयरमैन अजय गुप्ता ने कहा:शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने की सबसे बड़ी कुंजी है। मेरा प्रयास है कि क्षेत्र के हर बच्चे को अच्छी शिक्षा और सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध हों। बच्चों की मुस्कान ही मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि है। मैं विद्यालय परिवार को इसके आयोजन के लिए बधाई देता हूँ और विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ।”
इस अवसर पर सभासद प्रतिनिधि श्री लाल जायसवाल, अमन चौरसिया, शिवपत उपाध्याय, संजय पांडेय, उत्तम शर्मा सहित कई गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
विद्यालय प्रबंधन ने चेयरमैन और अन्य अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया और आशा जताई कि भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलता रहेगा।