📅 Published on: May 3, 2025
Kapilvastupost
लोटन सीएचसी क्षेत्र के ग्राम देवपुर मस्जिदया सहित आसपास के कई गांवों में पिछले एक सप्ताह से चिकनपॉक्स का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। जानकारी के मुताबिक दर्जनों परिवार इस संक्रामक बीमारी से पीड़ित हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग की ओर से अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
चिकनपॉक्स से पीड़ित ग्रामीणों ने जिला नोडल अधिकारी डॉ. आशीष अग्रहरि को दूरभाष पर इसकी जानकारी भी दी है। इसके बावजूद अभी तक न तो कोई स्वास्थ्य टीम गांव में पहुंची है और न ही कोई प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। ग्रामीण इधर-उधर निजी मेडिकल स्टोर्स और क्लीनिकों का सहारा लेने को मजबूर हैं।
स्वास्थ्य विभाग की चुप्पी पर उठे सवाल ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने मामले की जानकारी लोटन सीएचसी के अधीक्षक डॉ. अमित चौधरी से भी लेने की कोशिश की, लेकिन उनका फोन लगातार व्यस्त मिल रहा है या जवाब नहीं मिल पा रहा। इससे लोगों में गहरा आक्रोश है।
डीएम से ग्रामीणों ने की शिकायत देवपुर मस्जिदया गांव के लोगों ने अब जिलाधिकारी से स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही की शिकायत की है। ग्रामीणों की मांग है कि तुरंत मेडिकल टीम भेजी जाए और बीमारी को फैलने से रोका जाए।
स्वास्थ्य विभाग की निष्क्रियता ने बढ़ाई चिंता, प्रशासनिक हस्तक्षेप की मांग तेज गांव में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। समय रहते प्रशासन ने हस्तक्षेप नहीं किया तो हालात और बिगड़ सकते हैं।