📅 Published on: May 17, 2025
जिला मुख्यालय पर भी ऐसे अल्ट्रा साउंड सेंटरों की भरमार है जहाँ डॉक्टर उपलब्ध नहीं पारा स्टाफ ही रिपोर्ट निकालता है |
निज़ाम अंसारी
शहर में स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई से हड़कंप मच गया। नौगढ़ पीएचसी के एमओआईसी डॉ. अनूप जायसवाल और नायब तहसीलदार विजय कुमार श्रीवास्तव ने शुक्रवार को नौगढ़ शहर में दो अल्ट्रासाउंड व पैथोलॉजी सेंटरों पर छापेमारी की। जांच में पाया गया कि आदर्श अल्ट्रासाउंड एवं पैथोलॉजी सेंटर (ब्लॉक कार्यालय के सामने) और अदिति अल्ट्रासाउंड सेंटर (उसका बाजार रोड) बिना पंजीकरण के अवैध रूप से संचालित हो रहे थे।
एमओआईसी डॉ. जायसवाल के अनुसार, आदर्श अल्ट्रासाउंड सेंटर में मशीन को ताले में बंद रखा गया था। मौके पर मौजूद कर्मचारियों से जब पंजीकरण के दस्तावेज मांगे गए, तो वे कोई वैध कागजात नहीं दिखा सके। यह स्पष्ट रूप से अवैध संचालन का प्रमाण माना गया है।
वहीं, अदिति अल्ट्रासाउंड सेंटर पर 16 मरीजों की जांच का पंजीकरण पाया गया। लेकिन वहां कोई विशेषज्ञ डॉक्टर नहीं मिला, बल्कि एक टेक्निशियन ही मरीजों की जांच कर रहा था। पूछताछ में वह भी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
एमओआईसी ने पूरी रिपोर्ट सीएमओ को भेज दी है और उनके निर्देश के बाद दोनों अल्ट्रासाउंड सेंटरों पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही पर सख्त नजर रखेगी टीम
इस कार्रवाई से यह संदेश साफ है कि स्वास्थ्य विभाग अब अवैध चिकित्सा और जांच केंद्रों पर कड़ा रुख अपनाएगा। बिना पंजीकरण व योग्य विशेषज्ञों के सेंटर चलाना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि मरीजों की जान से भी खिलवाड़ है।