📅 Published on: May 26, 2025
गुरु जी की कलम से
ढेबरुआ थाना क्षेत्र केतुलसियापुर चौराहे पर रविवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब कठेला रोड किनारे फास्ट फूड की एक दुकान पर सिलेंडर से अचानक आग भड़क उठी। मौके पर मौजूद लोगों की सतर्कता और तत्परता से आग पर समय रहते काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तालकुंडा गांव निवासी दुर्गेश चौहान रोजाना की तरह अपने ठेले पर चाउमिन, बर्गर आदि बेच रहे थे। शाम करीब चार बजे दुकान पर गैस सिलेंडर से जुड़े पाइप में रिसाव होने के कारण अचानक आग लग गई। आग की लपटें देखते ही आसपास के दुकानदार और राहगीर दहशत में आ गए। दुकान का सामान धू-धू कर जलने लगा और कुछ ही देर में पूरा ठेला राख हो गया।
स्थानीय लोगों ने साहस दिखाते हुए पानी और अन्य उपायों से आग बुझाने में मदद की। समय पर आग पर काबू पा लिए जाने के कारण किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। दुकानदार दुर्गेश चौहान ने बताया कि आग लगने से उनका पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया। हालांकि इस घटना से कोई घायल नहीं हुआ, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।