📅 Published on: May 28, 2025
गुरु जी की कलम से
बढ़नी, सिद्धार्थनगर।
बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम पंचायत सेमरहवा के टोला टीसम स्थित बंजारवा डीह में बुधवार को अज्ञात कारणों से लगी आग में एक गरीब परिवार का आशियाना जलकर राख हो गया। पीड़ित कल्लू यादव पुत्र पहलू का कच्चा मकान पूरी तरह से खाक हो गया, जिसमें रखा खाद्यान्न, घरेलू सामान व एक बकरी भी जलकर नष्ट हो गई।
घटना की जानकारी ग्राम निवासी नौशाद व रोजगार सेवक महेश यादव ने दी। उन्होंने बताया कि आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते पूरा घर जलकर स्वाहा हो गया। कल्लू यादव एक गरीब मजदूर हैं और उनके पास आग से हुए नुकसान की भरपाई का कोई साधन नहीं है।
घटना के बाद गांव के जागरूक लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल अहेतुक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे फिर से अपने जीवन की गाड़ी पटरी पर ला सकें।
ग्रामीणों ने तहसील प्रशासन से आग्रह किया है कि मौके पर राजस्व विभाग की टीम भेजकर नुकसान का आकलन किया जाए और पीड़ित को सरकारी योजनाओं के तहत यथाशीघ्र मदद दी जाए।